पावर प्लांट और इंटेक वेल का किया निरीक्षण
मंत्री योगेंद्र प्रसाद ने गांव पहुंचकर योजना के पावर प्लांट और इंटेक वेल का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने निर्माण कार्य की वर्तमान स्थिति और अब तक हुई प्रगति की जानकारी ली। मौके पर मौजूद विभागीय अधिकारियों और निर्माण एजेंसी के प्रतिनिधियों से भी काम में हो रही देरी का कारण पूछा।
ठेकेदार और अभियंताओं को लगाई फटकार
योजना की धीमी रफ्तार और निर्माण की गुणवत्ता को लेकर मंत्री ने नाराजगी जाहिर की। उन्होंने ठेकेदार और संबंधित अभियंताओं को काम में तेजी लाने का निर्देश दिया। मंत्री ने साफ कहा कि निर्माण कार्य में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि योजना में निर्धारित मानकों के अनुरूप सामग्री का इस्तेमाल हो और गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं किया जाए।
तय समयसीमा में काम पूरा करने का निर्देश
मंत्री ने विभागीय अधिकारियों को योजना की नियमित निगरानी करने और निर्माण कार्य में आ रही बाधाओं को दूर करने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि ग्रामीणों को शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है। ऐसे में करोड़ों रुपये की लागत वाली योजना का वर्षों तक अधूरा रहना गंभीर विषय है।
मंत्री ने निर्माण एजेंसी और विभाग को तय समयसीमा के भीतर काम पूरा करने के लिए प्रभावी कदम उठाने का निर्देश दिया। अब देखना होगा कि मंत्री के निरीक्षण और सख्त निर्देशों के बाद चार साल से अधूरी पड़ी इस योजना का काम कितनी तेजी से आगे बढ़ता है।


