Ranchi News: रांची में महिलाओं का सफर होगा आसान, चलाई जाएंगी 6 नई पिंक सिटी बसें

News Aroma Desk
2 Min Read
Ranchi News: रांची में महिलाओं का सफर होगा आसान, चलाई जाएंगी 6 नई पिंक सिटी बसें
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

Ranchi News: राजधानी रांची में महिलाओं और छात्राओं के लिए सार्वजनिक परिवहन की सुविधा बढ़ने वाली है। रांची नगर निगम शहर में छह नई पिंक सिटी बसें चलाने की तैयारी कर रहा है। इसके लिए नगर निगम की ओर से टेंडर जारी कर दिया गया है। टेंडर प्रक्रिया पूरी होने और एजेंसी का चयन होने के बाद बसों का परिचालन शुरू किया जाएगा। इससे महिलाओं को शहर के अलग-अलग इलाकों में आने-जाने के लिए एक अतिरिक्त परिवहन सुविधा मिलेगी।

दरअसल, रांची में फिलहाल चार पिंक सिटी बसें संचालित हो रही हैं। इन बसों को महिलाओं से मिल रहे सकारात्मक रुझान और बढ़ती जरूरत को देखते हुए नगर निगम ने इनकी संख्या बढ़ाने का फैसला लिया है। छह नई बसें जुड़ने के बाद शहर में कुल 10 पिंक सिटी बसें चलेंगी।

कांटाटोली से धुर्वा तक की महिलाओं को मिल सकता है फायदा

नगर निगम की योजना के अनुसार, नई बसों के परिचालन के लिए रूट और संचालन की रूपरेखा टेंडर प्रक्रिया पूरी होने के बाद तय की जाएगी। इसमें शहर के उन प्रमुख मार्गों को प्राथमिकता दी जा सकती है, जहां महिलाओं और छात्राओं की आवाजाही अधिक रहती है। कांटाटोली, लालपुर, अलबर्ट एक्का चौक, रातू रोड और धुर्वा जैसे इलाकों में रहने वाली महिलाओं को इसका लाभ मिल सकता है।

महिला कंडक्टरों की भी है तैनाती

पिंक सिटी बसों की खासियत यह है कि इनका संचालन महिला यात्रियों की जरूरतों को ध्यान में रखकर किया जा रहा है। इन बसों में कंडक्टर के रूप में भी महिलाओं की तैनाती की गई है। नगर निगम का उद्देश्य महिलाओं को सार्वजनिक परिवहन में बेहतर सुविधा उपलब्ध कराना है।

खासकर नौकरीपेशा महिलाओं और कॉलेज जाने वाली छात्राओं के लिए यह सेवा उपयोगी साबित हो सकती है। अब टेंडर प्रक्रिया पूरी होने के बाद नई बसों के परिचालन की तारीख और रूट का इंतजार है।

Share This Article