

Pakur News: पाकुड़ में मालगोदाम रोड पर छापेमारी कर पुलिस ने 30 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ एक 21 वर्षीय युवक को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार युवक की पहचान सूरज कुमार दुबे के रूप में हुई है।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी के पास से ब्राउन शुगर के अलावा एक iPhone, बिना नंबर प्लेट की ग्रे रंग की ग्लैमर बाइक और 5 हजार 320 रुपये नकद बरामद किए गए हैं।
दरअसल, एसपी अनुदीप सिंह को नगर थाना क्षेत्र में ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री की सूचना मिली थी। इसके बाद एसडीपीओ कुमार गौरव के नेतृत्व में विशेष छापेमारी टीम गठित की गई।
टीम जब मालगोदाम रोड पर जांच कर रही थी, तभी पुलिस को देखकर एक युवक भागने लगा। पुलिस ने पीछा कर उसे पकड़ लिया। पूछताछ में उसकी पहचान सूरज कुमार दुबे के रूप में हुई, जो हिरणपुर थाना क्षेत्र के हाथकाठी, छिरकापाड़ा का रहने वाला है।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार युवक के खिलाफ पहले से भी पांच मामले दर्ज हैं। फिलहाल नगर थाना में मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
एसपी ने साफ कहा है कि ‘ऑपरेशन जीवन’ के तहत नशे के अवैध कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।


