रांची: झारखंड विधानसभा के वर्ष 2026 के ‘उत्कृष्ट विधायक’ के लिए झारखंड मुक्ति मोर्चा के विधायक निरल पूर्ति का चयन किया गया है। उन्हें 22 नवंबर को विधानसभा के स्थापना दिवस समारोह के दौरान आयोजित विशेष कार्यक्रम में ‘बिरसा मुंडा उत्कृष्ट विधायक सम्मान’ से सम्मानित किया जाएगा। उत्कृष्ट विधायक के चयन को लेकर शुक्रवार को विधानसभा अध्यक्ष रबींद्रनाथ महतो की अध्यक्षता में चयन समिति की बैठक हुई। इसमें नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी समेत समिति के अन्य सदस्य भी शामिल हुए। बैठक में निर्धारित मापदंडों के आधार पर सभी पहलुओं पर चर्चा की गई। इसके बाद सर्वसम्मति से निरल पूर्ति के नाम पर मुहर लगा दी गई।

निरल पूर्ति झारखंड मुक्ति मोर्चा के विधायक हैं। वह पश्चिमी सिंहभूम जिले की मझगांव विधानसभा सीट से निर्वाचित हुए हैं। यह अनुसूचित जनजाति (ST) के लिए आरक्षित सीट है। निरल पूर्ति अपने विधानसभा क्षेत्र से जुड़े मुद्दों को लगातार सदन में उठाते रहे हैं। अब उनके इसी विधायी योगदान के लिए उन्हें वर्ष 2026 के उत्कृष्ट विधायक सम्मान से नवाजा जाएगा।



