
देवघर : देवघर जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। जसीडीह थाना क्षेत्र के रोहिणी मोड़ के पास वाहन जांच के दौरान पुलिस ने एक कार से करीब 20.760 किलो गांजा बरामद किया। इस मामले में छह लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर सदर एसडीपीओ के नेतृत्व में जांच अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान शक के आधार पर एक कार की तलाशी ली गई।
तलाशी के दौरान दो बैग से 10.298 किलो और 10.290 किलो गांजा मिला। वहीं एक बाइक की सीट के नीचे रखे पॉलीथिन से 172 ग्राम गांजा भी बरामद हुआ। पुलिस ने मौके से एक कार, सात मोबाइल फोन, दो इलेक्ट्रॉनिक सिगरेट और नकद राशि भी जब्त की है। सभी आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में कुछ लोगों पर पहले से भी आपराधिक मामले दर्ज हैं। अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि गांजा कहां से लाया गया था और इसकी सप्लाई कहां की जानी थी।

