थाईलैंड ओपन में उपविजेता रही सात्विक-चिराग की जोड़ी

सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी की भारतीय जोड़ी थाईलैंड ओपन सुपर 500 बैडमिंटन टूर्नामेंट के पुरुष युगल फाइनल में इंडोनेशियाई जोड़ी से हारकर उपविजेता रही।

Neeral Prakash
3 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

बैंकॉक: सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी की स्टार भारतीय जोड़ी ने रविवार को यहां खेले गए फाइनल में चार चैंपियनशिप प्वाइंट बचाए लेकिन आखिर में उन्हें थाईलैंड ओपन सुपर 500 बैडमिंटन टूर्नामेंट के पुरुष युगल में उपविजेता बनकर संतोष करना पड़ा। विश्व रैंकिंग में चौथे स्थान पर काबिज सात्विक और चिराग को इंडोनेशिया के लियो रॉली कार्नांडो और डेनियल मार्टिन से 53 मिनट तक चले मैच में 12-21 23-25 से हार का सामना करना पड़ा।

सात्विक और चिराग ने यहां 2019 और 2024 में खिताब जीता था। वे पहले गेम में लय से बाहर दिखे लेकिन दूसरे गेम में दबाव में अपनी मानसिक दृढ़ता का परिचय देते हुए मैच को निर्णायक गेम तक ले जाने के करीब पहुंच गए थे। यह भारतीय जोड़ी पिछले साल चाइना मास्टर्स और हांगकांग ओपन में भी उपविजेता रही थी। यह सात्विक और चिराग के खिलाफ इंडोनेशियाई जोड़ी की पहली जीत भी है। इससे पहले इन दोनों जोड़ियों के बीच खेले गए सभी चार मैच भारतीय जोड़ी ने जीते थे।

चिराग को शुरुआत में अपनी सर्विस में संघर्ष करना पड़ा, जिससे भारतीय टीम 1-4 से पिछड़ गई और फिर स्कोर 7-9 हो गया। इसके बाद लियो और डेनियल ने चार अंकों की बढ़त बना ली।भारतीय खिलाड़ियों की गलतियों का फायदा उठाकर इंडोनेशिया की जोड़ी 17-12 से आगे हो गई। इसके बाद उसे आठ गेम प्वाइंट मिले। सात्विक ने एक रिटर्न को नेट में उलझा दिया जिससे लियो और डेनियल ने पहला गेम अपने नाम कर दिया। दूसरे गेम में जबरदस्त मुकाबला देखने को मिला। डेनियल के आक्रामक स्मैश से इंडोनेशियाई टीम 5-3 से आगे हो गई।

एक शानदार सर्व की बदौलत भारतीय टीम 5-5 की बराबरी पर वापसी करने में कामयाब रही और इसके बाद उसने 7-5 से मैच में पहली बार बढ़त बना ली।
इंडोनेशियाई टीम ने स्कोर 9-9 से बराबर कर लिया, लेकिन चिराग के एक शानदार शॉट और विरोधी खिलाड़ियों के एक गलत रिटर्न ने भारतीय जोड़ी को इंटरवल तक दो अंकों की बढ़त दिला दी।
खेल दोबारा शुरू होने पर इंडोनेशियाई खिलाड़ियों ने स्कोर को फिर से 11-11 कर दिया। इसके बाद स्कोर 14-14 से 19-19 पर बराबरी पर था।
इंडोनेशिया की टीम ने इसके बाद अपना पहला चैंपियनशिप प्वाइंट हासिल किया। सात्विक और चिराग ने इसे बचाकर स्कोर 20-20 कर दिया। भारतीय जोड़ी ने इसके बाद तीन और चैंपियनशिप प्वाइंट बचाए लेकिन लियो और डेनियल पांचवें चैंपियनशिप प्वाइंट पर खिताब जीतने में सफल रहे।

Share This Article
नीरल प्रकाश के पास पत्रकारिता में 2 वर्षों का अनुभव है। उन्होंने एंकरिंग, रिपोर्टिंग और स्क्रिप्ट राइटिंग में काम किया है। पिछले 2 सालों से वे IDTV इंद्रधनुष के साथ काम कर रही हैं, जहां उन्होंने ऑन-एयर प्रस्तुतिकरण के साथ-साथ बैकएंड कंटेंट क्रिएशन में भी योगदान दिया। समाचार रिपोर्टिंग के अलावा, उन्होंने आकर्षक स्क्रिप्ट तैयार करने और कहानी को पेश करने का अनुभव भी प्राप्त किया है।