
Bihar Crime News : शेरघाटी अनुमंडल को नई पुलिस कमान मिल गई है। नवपदस्थापित एसडीपीओ (एसडीपीओ-1) संदीप कुमार ने रविवार को पदभार ग्रहण कर क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को मजबूत करने का भरोसा दिया। पद संभालते ही उन्होंने साफ कहा कि अपराध और अवैध गतिविधियों में शामिल लोगों के लिए क्षेत्र में कोई जगह नहीं होगी।
पदभार ग्रहण करने के बाद मीडिया से बातचीत में एसडीपीओ संदीप कुमार ने कहा कि उनकी प्राथमिकता पुलिस और जनता के बीच बेहतर तालमेल स्थापित करना होगा। उन्होंने बताया कि ग्रामीण इलाकों में जाकर लोगों से सीधा संवाद किया जाएगा, ताकि आम लोग बेझिझक अपनी समस्याएं पुलिस तक पहुंचा सकें।
उन्होंने कहा कि पुलिस संवेदनशीलता और मित्रवत व्यवहार के साथ काम करेगी, वहीं अपराध नियंत्रण के लिए नियमित गश्ती, वाहन जांच और संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी नजर रखी जाएगी।
नशा तस्करी और अवैध कारोबार पर सख्त रुख अपनाते हुए एसडीपीओ ने कहा कि ऐसे मामलों में किसी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इस दौरान उन्होंने हाल ही में एनएच-19 पर 208 किलो गांजा बरामदगी मामले का जिक्र करते हुए कहा कि पुलिस पूरे तस्करी नेटवर्क तक पहुंचने के लिए गहन जांच कर रही है और दोषियों पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

