
Palamu News : पलामू जिले के सतबरवा थाना क्षेत्र में 18 वर्षीय युवक की मौत मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए आरोपी मौसा को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस जांच में सामने आया है कि प्रेम प्रसंग से नाराज होकर युवक की हत्या की गई थी और बाद में मामले को आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की गई।
जानकारी के अनुसार, मृतक पवन कुमार सिंह का एक विवाहित महिला के साथ कथित प्रेम संबंध था, जिससे उसका मौसा नाराज चल रहा था। पुलिस का कहना है कि घटना वाली रात पवन महिला के घर पहुंचा था, जहां आरोपी ने उसे देख लिया।
आरोप है कि गुस्से में आरोपी ने युवक के सिर पर डंडे से हमला कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। इसके बाद साक्ष्य छिपाने के लिए शव को हड़ही पहाड़ इलाके में ले जाकर एक पेड़ से लटका दिया गया, ताकि मामला आत्महत्या का लगे।
पुलिस को शव मिलने के बाद शुरुआती जांच में गले के निशानों और अन्य परिस्थितियों को देखते हुए हत्या की आशंका हुई। पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपराध स्वीकार कर लिया। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल डंडा भी बरामद कर लिया है। फिलहाल मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

