
धनबाद : धनबाद जिले के मनरेगा कर्मी अपनी मांगों को लेकर पिछले 70 दिनों से हड़ताल पर बैठे हैं। सोमवार को झारखंड राज्य मनरेगा कर्मचारी संघ के बैनर तले बड़ी संख्या में कर्मियों ने रणधीर वर्मा चौक पर धरना-प्रदर्शन किया। जिले के अलग-अलग प्रखंडों से पहुंचे कर्मचारियों ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए नियमितीकरण, मानदेय बढ़ाने और सेवा सुरक्षा की मांग उठाई।
प्रदर्शन के दौरान कर्मियों ने कहा कि वे ग्रामीण विकास योजनाओं को जमीन पर लागू करने में अहम भूमिका निभाते हैं, फिर भी उन्हें जरूरी सुविधाएं नहीं मिल रही हैं। कर्मचारियों ने सरकार से जल्द उनकी समस्याओं पर ध्यान देने और उचित फैसला लेने की मांग की।
संघ के पदाधिकारियों का कहना है कि लंबे समय से हड़ताल जारी है, लेकिन अब तक सरकार की ओर से कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। कर्मचारियों ने जल्द समाधान की उम्मीद जताई है।

