
Illegal Coal Mining : अवैध कोयला चोरी और तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) ने ड्रोन तकनीक की मदद से बड़ी कार्रवाई करते हुए चूरी माइंस और आसपास के इलाकों से 1.026 टन अवैध कोयला बरामद किया है।
जानकारी के अनुसार, यह विशेष कोल रेड अभियान चूरी माइंस और उसके आसपास के बैक साइड क्षेत्र में चलाया गया। अभियान दोपहर करीब 1:00 बजे से 2:20 बजे तक चला और इसे उप-समादेष्टा दिनेश कुमार एवं सहायक समादेष्टा मनोहर बरवाहा के पर्यवेक्षण में अंजाम दिया गया।
छापेमारी के दौरान बरामद कोयले का विधिवत वजन कर संबंधित प्रबंधन को सौंप दिया गया। अभियान में निरीक्षक एस.पी. तिग्गा, आर.के. गौतम, उपनिरीक्षक अनिल राय, अतुल पंत (क्राइम) समेत कई CISF जवान मौजूद रहे।
CISF अधिकारियों ने बताया कि खलारी और आसपास के क्षेत्रों में अवैध कोयला कारोबार, चोरी और तस्करी पर रोक लगाने के लिए ड्रोन सर्विलांस, कोल रेड, एम्बुश और गुप्त सूचना तंत्र का प्रभावी इस्तेमाल किया जा रहा है।
चुरी खदानें और आसपास के इलाकों में लगातार हो रही कार्रवाई के बाद अवैध कोयला कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप का माहौल बताया जा रहा है। अधिकारियों ने भविष्य में भी ऐसे अभियान जारी रखने की बात कही है।

