रांची नगर निगम में बवाल! महिला पार्षद का आरोप-बैठक के दौरान हुई आपत्तिजनक वीडियो रिकॉर्डिंग

रांची नगर निगम की बैठक में महिला पार्षद ने साथी पार्षद पर आपत्तिजनक वीडियो बनाने का आरोप लगाया। मामला सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद जांच के आदेश दिए गए।

3 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

रांची : रांची नगर निगम की बैठक के दौरान एक गंभीर और शर्मनाक मामला सामने आया है। एक महिला पार्षद ने अपने ही साथी पार्षद पर आपत्तिजनक वीडियो बनाने और उसे सोशल मीडिया पर वायरल करने का आरोप लगाया है। महिला पार्षद का कहना है कि सोमवार को स्वच्छता को लेकर नगर निगम की बैठक चल रही थी, जिसमें सभी पार्षद अपने-अपने वार्ड से जुड़े मुद्दों पर बोल रहे थे। इसी दौरान जब वह अपनी बात रखने के लिए खड़ी हुईं, तो पीछे बैठे एक पार्षद ने उनका आपत्तिजनक वीडियो बना लिया।

आरोप है कि यह वीडियो बाद में एक पूर्व पार्षद को भेजा गया, जिन्होंने इसे सोशल मीडिया पर अपलोड कर दिया। मंगलवार सुबह इस बात की जानकारी उन्हें मिली, जिसके बाद वह बेहद आहत और नाराज हो गईं। महिला पार्षद ने कहा कि बैठक की गोपनीयता का भी उल्लंघन हुआ है। उन्होंने सवाल उठाया कि उनके शरीर को इस तरह से फिल्माने का अधिकार किसी को कैसे मिल सकता है। उन्होंने यह भी कहा कि वह सभी पार्षदों को परिवार जैसा मानती हैं, ऐसे में उनके साथ ऐसा होना बेहद दुखद है। उन्होंने आरोप लगाया कि उनके पीछे वार्ड-20 के पार्षद सुनील यादव बैठे थे उन्होंने वीडियो बनाकर उर्मिला देवी को भेजा। महिला पार्षद ने कहा कि वह बुधवार को पुलिस में शिकायत दर्ज कराएंगी और एफआईआर की मांग करेंगी।

पार्षद सुनील यादव ने आरोपों से किया इनकार

इधर वार्ड-20 के पार्षद सुनील यादव ने इन आरोपों को पूरी तरह खारिज किया है। उन्होंने कहा कि कोई वीडियो नहीं बनाई गई है और ना हीं उन्हें इस बारे में कोई जानकारी है कि वीडियो किसने बनाया। उन्होंने यह भी कहा कि महिला पार्षद का आरोप गलत है। उन पर बेवजह निशाना साधा जा रहा है।

मेयर रौशनी खलखो का बयान

इस मामले पर मेयर रौशनी खलखो ने कहा कि उन्हें भी घटना की जानकारी मिली है। इस घटना को बेहद गंभीर और शर्मनाक बताया। मेयर ने कहा कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाएगी। जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Share This Article
विनीता चौबे को 10 साल का अनुभव है। उन्होनें सन्मार्ग से पत्रकारिता की शुरुआत की थी। फिर न्यूज विंग, बाइस स्कोप, द न्यूज पोस्ट में भी काम किया। वे राजनीति, अपराध, सामाजिक मुद्दों और स्थानीय घटनाओं से जुड़ी खबरों को सरल और तथ्यात्मक भाषा में पाठकों तक पहुंचाने के लिए जानी जाती हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय रहते हुए उनका प्रयास रहता है कि जमीनी स्तर की महत्वपूर्ण खबरों को सही और विश्वसनीय जानकारी के साथ लोगों तक पहुंचाया जाए।