
मुंबई : बॉलीवुड सुपरस्टार सलमान खान एक बार फिर अपने खास अंदाज को लेकर सुर्खियों में हैं। हाल ही में फिल्म राजा शिवाजी की सक्सेस पार्टी में पहुंचे सलमान खान ने अपनी मौजूदगी से महफिल लूट ली। इस दौरान उनका मजाकिया और बेबाक अंदाज सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
दरअसल,अभिनेता रितेश देशमुख के निर्देशन में बनी फिल्म राजा शिवाजी को दर्शकों से जबरदस्त प्रतिक्रिया मिल रही है। फिल्म की सफलता का जश्न मनाने के लिए आयोजित पार्टी में बॉलीवुड की कई बड़ी हस्तियां शामिल हुईं। सलमान खान भी इस फिल्म का हिस्सा रहे हैं और उन्होंने फिल्म में खास कैमियो किया है,जिसे दर्शकों ने काफी पसंद किया।
पार्टी से बाहर निकलते समय सलमान खान का सामना पपराजी से हुआ। इस दौरान फोटोग्राफर्स ने उनसे माफी मांगते हुए कहा, “सॉरी भाई, हमारा वो इंटेंशन नहीं था।” इस पर सलमान खान ने भी अपने चिर-परिचित अंदाज में मजाकिया प्रतिक्रिया दी और पपराजी की हल्की-फुल्की खिंचाई करते नजर आए। वहां मौजूद लोग सलमान के इस अंदाज को देखकर मुस्कुराने लगे।
दरअसल, कुछ समय पहले सलमान खान जब अस्पताल से बाहर निकल रहे थे, तब पपराजी ने उन्हें चारों तरफ से घेर लिया था। उस वक्त अभिनेता थोड़े नाराज दिखाई दिए थे और उनका वीडियो भी सोशल मीडिया पर काफी वायरल हुआ था। माना जा रहा है कि उसी घटना को लेकर फोटोग्राफर्स ने उनसे माफी मांगी।
इन दिनों सलमान खान सिर्फ अपनी फिल्मों ही नहीं, बल्कि सोशल मीडिया पोस्ट्स को लेकर भी चर्चा में बने हुए हैं। उनके इंस्टाग्राम पोस्ट और खास अंदाज वाले कैप्शन फैंस को काफी पसंद आ रहे हैं। सलमान का यही दिलचस्प और बेबाक अंदाज उन्हें बाकी सितारों से अलग बनाता है।

