
ब्राजील के एक अस्पताल से बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां इलाज के दौरान मृत घोषित किए गए एक बुजुर्ग व्यक्ति में बाद में जीवन के संकेत दिखाई दिए। इस घटना ने अस्पताल प्रशासन और डॉक्टरों को भी हैरानी में डाल दिया।
अस्पताल में किया गया था मृत घोषित
रिपोर्ट के अनुसार 88 वर्षीय जुरासी रोजा एल्व्स को 16 मई को सांस लेने में परेशानी के कारण अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इलाज के दौरान डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इसके बाद सामान्य प्रक्रिया के तहत शव को अंतिम संस्कार की तैयारी के लिए क्रेमेशन सेंटर के मुर्दाघर भेज दिया गया।
मुर्दाघर में दिखे जीवन के संकेत
जब शवगृह के कर्मचारी अंतिम संस्कार की तैयारी कर रहे थे, तभी एक स्टाफ सदस्य ने देखा कि बुजुर्ग की सांसें चल रही हैं। यह देखकर वहां मौजूद लोग घबरा गए और तुरंत अस्पताल प्रशासन को सूचना दी गई। खबर मिलते ही डॉक्टरों की टीम मौके पर पहुंची। जिस डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित किया था, वह भी जांच के लिए वहां मौजूद था।
डॉक्टर भी रह गए दंग
मुर्दाघर में बुजुर्ग में जीवन के संकेत देखकर डॉक्टर भी हैरान रह गए। इस घटना ने अस्पताल की मेडिकल प्रक्रिया और जांच प्रणाली पर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है कि आखिर किस परिस्थिति में व्यक्ति को मृत घोषित किया गया था।
सोशल मीडिया पर चर्चा
यह खबर सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर भी लोगों के बीच चर्चा तेज हो गई है। कई लोग इसे मेडिकल लापरवाही बता रहे हैं, जबकि कुछ इसे चमत्कारिक घटना मान रहे हैं।

