
चतरा : चतरा जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सदर थाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री करने वाले दो युवकों को गिरफ्तार किया है। उनके पास से कुल 1.22 ग्राम ब्राउन शुगर, एक मोबाइल फोन और एक बाइक जब्त की गई है।
इस मामले की जानकारी एसडीपीओ सन्नी वर्धन ने प्रेसवार्ता में दी। उन्होंने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि सदर थाना क्षेत्र के सजना गांव के ईदगाह रोड में ब्राउन शुगर का कारोबार किया जा रहा है। सूचना मिलते ही विशेष टीम बनाकर तुरंत छापेमारी की गई।
पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए नगवां निवासी मो. नेसार और रामटुंडा निवासी अमित कुमार को गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान मो. नेसार के पास से सात पुड़िया ब्राउन शुगर (0.81 ग्राम) और अमित कुमार के पास से चार पुड़िया ब्राउन शुगर (0.41 ग्राम) बरामद हुई। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।

