
रांची: झारखंड के खाद्य आपूर्ति विभाग से जुड़ा एक चौंकाने वाला मामला राजधानी रांची के कडरू स्थित JSFC गोदाम से सामने आया है। आरोप है कि यहां मजदूरों को मेहनताना नकद देने के बजाय सरकारी अनाज दिया जा रहा है। हैरानी की बात यह है कि यही अनाज गरीबों के बीच वितरण के लिए रखा गया था। मामला उस समय उजागर हुआ जब गोदाम से अनाज लेकर बाहर निकल रही कुछ महिला मजदूरों से पूछताछ की गई। महिलाओं ने साफ तौर पर बताया कि उन्हें यह अनाज मजदूरी के बदले दिया गया है।
वीडियो में महिलाओं ने कही बड़ी बात
गोदाम में काम कर रही महिला मजदूरों का एक वीडियो भी सामने आया है। इसमें महिलाएं कहती नजर आ रही हैं कि उन्हें काम के बदले अनाज मिला है। सबसे बड़ी बात यह है कि पूरा मामला गोदाम के मुख्य गेट के पास सामने आया, जिससे सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी पर भी सवाल खड़े हो गए हैं। इसके बाद विभागीय कामकाज पर गंभीर सवाल उठने लगे हैं।
मजदूर संघ ने लगाए गंभीर आरोप
मामले को लेकर मजदूर मटिया संघ के केंद्रीय अध्यक्ष संतोष कुमार सोनी ने बड़ा आरोप लगाया है। उनका कहना है कि यह पहली बार नहीं हुआ है। जब से गोदाम की जिम्मेदारी विभाग और डोर-टू-डोर स्टेप डिलीवरी से जुड़े ठेकेदारों को सौंपी गई है, तब से लगातार गड़बड़ियां हो रही हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि मजदूरों को कई बार नकद भुगतान की जगह अनाज देकर काम कराया जाता है। इस मामले की शिकायत कई बार विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों और मंत्री तक की गई, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई।

