
Mahendra Singh Murder Case : धनबाद स्थित सीबीआई की विशेष अदालत में मंगलवार को पूर्व विधायक महेंद्र सिंह हत्याकांड मामले की सुनवाई हुई। सुनवाई के दौरान सीबीआई ने दो गवाहों देवेंद्र कुमार महतो और संतोष सुधाकर को अदालत में पेश किया, जिनके बयान दर्ज किए गए।
मामले में एक गवाह देवेंद्र कुमार महतो अपने पूर्व बयान से मुकर गए और घटना की पुष्टि नहीं की। इसके बाद अदालत ने उन्हें पक्षद्रोही (होस्टाइल) गवाह घोषित कर दिया। वहीं दूसरे गवाह संतोष सुधाकर ने अदालत में घटना की पुष्टि करते हुए अभियोजन पक्ष के दावों का समर्थन किया।
सुनवाई के दौरान जेल में बंद आरोपी हार्डकोर नक्सली रमेश मंडल को भी कड़ी सुरक्षा के बीच अदालत में पेश किया गया। मामले की सुनवाई कर रहे विशेष न्यायाधीश विजय कुमार श्रीवास्तव ने सीबीआई को अगली तारीख पर अन्य गवाह प्रस्तुत करने का निर्देश दिया है।
अदालत ने मामले की अगली सुनवाई 30 मई 2026 तय की है।
गौरतलब है कि 16 जनवरी 2005 को बगोदर से लौटते समय दुर्गीधवैया गांव के पास बाइक सवार हमलावरों ने स्वचालित हथियारों से हमला कर महेंद्र सिंह की हत्या कर दी थी। बाद में इस चर्चित मामले की जांच केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) को सौंपी गई थी।

