
Jharkhand Congress: भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस की झारखंड प्रदेश इकाई ने पेट्रोल और डीजल की बढ़ती कीमतों के विरोध में मंगलवार को राज्यभर के पेट्रोल पंपों पर हस्ताक्षर अभियान चलाया। राजधानी रांची में रातू रोड, कचहरी रोड, हरमू रोड, डोरंडा, बिरसा चौक और लालपुर समेत कई पेट्रोल पंपों पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं और आम लोगों ने भाग लिया।
अभियान के तहत प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश घोड़ा गाड़ी (तांगा) के साथ जुलूस निकालते हुए कांग्रेस भवन से शहीद चौक, अल्बर्ट एक्का चौक होते हुए लालपुर पेट्रोल पंप पहुंचे और हस्ताक्षर अभियान की शुरुआत की।
मीडिया से बातचीत में केशव महतो कमलेश ने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि पेट्रोल-डीजल को जनता की जरूरत के बजाय कमाई का जरिया बना दिया गया है। उनका आरोप था कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट के बावजूद देश में ईंधन की कीमतें बढ़ाई जा रही हैं, जिससे महंगाई और परिवहन लागत पर असर पड़ा है।
वहीं पूर्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राजेश ठाकुर ने कहा कि यह हस्ताक्षर अभियान केवल विरोध नहीं, बल्कि जनता की भावनाओं की अभिव्यक्ति है। उन्होंने दावा किया कि आम लोगों के समर्थन से स्पष्ट है कि जनता केंद्र सरकार की नीतियों से नाराज है।
कार्यक्रम में कांग्रेस के कई नेता और कार्यकर्ता विभिन्न पेट्रोल पंपों पर अभियान में शामिल रहे।

