
नई दिल्ली: एअर इंडिया का अमेरिका के सैन फ्रांसिस्को जा रहा एक विमान बुधवार सुबह तकनीकी खराबी के कारण आठ घंटे से अधिक समय तक हवा में रहने के बाद दिल्ली लौट आया। सूत्रों ने यह जानकारी दी। विमान में लगभग 230 यात्री सवार थे। एअर इंडिया के प्रवक्ता ने बयान जारी कर कहा कि दिल्ली से सैन फ्रांसिस्को जा रही फ्लाइट AI173 को तकनीकी खराबी के कारण वापस दिल्ली लौटाया गया। यह फैसला तय सुरक्षा नियमों के तहत लिया गया। विमान सुरक्षित तरीके से दिल्ली में उतर गया। अब विमान की तकनीकी जांच की जाएगी। एअर इंडिया ने यात्रियों को हुई परेशानी के लिए खेद जताया है।

