
नई दिल्ली : ईद-उल-अजहा (बकरीद) का पर्व गुरुवार को देशभर में श्रद्धा, उल्लास और भाईचारे के माहौल में मनाया जा रहा है। सुबह से ही मस्जिदों और ईदगाहों में नमाज अदा करने के लिए मुस्लिम समुदाय के लोगों की भारी भीड़ उमड़ी। इस अवसर पर प्रशासन की ओर से प्रमुख धार्मिक स्थलों के बाहर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं।
पंजाब के लुधियाना में ऐतिहासिक जामा मस्जिद में बड़ी संख्या में मुस्लिम श्रद्धालुओं ने ईद-उल-अजहा की नमाज अदा की। तेज गर्मी को देखते हुए मस्जिद परिसर के बाहर स्वयंसेवकों द्वारा नमाजियों के लिए ठंडे पेयजल की व्यवस्था भी की गई। लोगों ने एक-दूसरे को गले लगाकर ईद की मुबारकबाद दी और अमन-शांति की दुआ मांगी।

