
जादूगोड़ा : जादूगोड़ा के डुमरिया प्रखंड स्थित लागो गांव के पाड़सी गाजाड़ टोला में रहने वाले 12 सवर परिवार आज भी बुनियादी सुविधाओं से वंचित हैं। भीषण गर्मी में यहां पेयजल की समस्या लगातार बढ़ती जा रही है। ग्रामीणों ने बताया कि टोला में लगा सोलर जलमीनार पिछले एक साल से खराब पड़ा है, लेकिन अब तक उसकी मरम्मत नहीं हो सकी है।
हालत यह है कि लोगों को आधा किलोमीटर दूर गड्ढे से पानी लाकर अपनी जरूरत पूरी करनी पड़ रही है। गांव में तालाब तक नहीं है, इसलिए कई लोग गंदे पानी से नहाने को मजबूर हैं। परिवारों को अबुआ आवास या प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ भी नहीं मिला है। बारिश के दिनों में लोग प्लास्टिक ढंककर झोपड़ियों में रात बिताते हैं।
टोला में बच्चों की पढ़ाई की हालत भी अच्छी नहीं है। आंगनबाड़ी केंद्र का निर्माण पिछले एक साल से अधूरा पड़ा है। बच्चे खुले आसमान के नीचे प्लास्टिक लगाकर पढ़ाई करने को मजबूर हैं। गांव तक पहुंचने के लिए सही सड़क भी नहीं है, जिससे लोगों को काफी परेशानी होती है।
ग्रामीणों का कहना है कि आदिम जनजातियों के विकास की बातें तो होती हैं, लेकिन जमीन पर स्थिति अलग दिखाई देती है। जनता दल यूनाइटेड के ग्रामीण जिला महासचिव वीर सिंह देवगम ने खराब जलमीनार की मरम्मत और सवर परिवारों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने की मांग प्रशासन से की है।


