
Seraikela Accident: सरायकेला-खरसावां जिले के ईचागढ़ थाना क्षेत्र में गुरुवार को एक भीषण सड़क हादसे से अफरा-तफरी मच गई। सिल्ली-रांगामाटी सड़क मार्ग स्थित तुता मोड़ के पास सवारियों से भरी तूफान बस और ईंट लदे ट्रक के बीच जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में कई यात्री घायल हो गए, जबकि दोनों वाहनों के अगले हिस्से बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस में सवार यात्रियों के बीच चीख-पुकार मच गई। आसपास के ग्रामीणों और राहगीरों ने तत्काल मौके पर पहुंचकर बस में फंसे लोगों को बाहर निकाला और राहत कार्य शुरू किया। घटना के बाद दोनों वाहनों के चालक मौके से फरार हो गए।
जानकारी के मुताबिक, तूफान बस टाटा से तिरुलडीह चौड़ा की ओर जा रही थी, जबकि ईंट लदा ट्रक रामगढ़ से रांगामाटी की ओर आ रहा था। तुता मोड़ के समीप दोनों वाहनों की आमने-सामने टक्कर हो गई।
हादसे के कारण सड़क पर कुछ समय के लिए जाम की स्थिति बन गई। सूचना मिलने पर ईचागढ़ पुलिस मौके पर पहुंची और जेसीबी की मदद से क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाकर यातायात बहाल कराया। पुलिस ने दोनों वाहनों को जब्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
इधर, घटना के बाद बस में रखे कुछ सामानों के गायब होने की भी सूचना सामने आई है। पुलिस इस पहलू की भी जांच कर रही है।

