जामताड़ा महिला थाना से संरक्षण में रखी महिला लापता, पुलिस महकमे में हड़कंप

जामताड़ा महिला थाना में संरक्षण के लिए रखी गई महिला के लापता होने से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। पुलिस रेलवे स्टेशन समेत विभिन्न इलाकों में तलाश अभियान चला रही है।

Razi Ahmad
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

Jamtara News : जामताड़ा महिला थाना परिसर में संरक्षण के लिए रखी गई एक महिला के अचानक लापता हो जाने से पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया है। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने महिला की तलाश के लिए शहर, रेलवे स्टेशन और आसपास के इलाकों में सघन अभियान शुरू कर दिया है।

जानकारी के अनुसार, रायगढ़ निवासी उषा यादव कुछ दिन पहले भटकते हुए करमाटांड़ क्षेत्र पहुंच गई थीं। स्थानीय लोगों की सूचना पर महिला पुलिस ने उन्हें सुरक्षित संरक्षण में लेकर बुधवार को जामताड़ा महिला थाना में रखा था। पूछताछ के दौरान महिला से उसके परिजनों की जानकारी ली गई थी और उन्हें फोन कर सूचना भी दे दी गई थी। पुलिस उनके परिजनों के आने का इंतजार कर रही थी।

सुबह थाने से गायब मिली महिला

शुक्रवार सुबह जब महिला पुलिसकर्मी थाना पहुंचीं तो महिला अपने स्थान पर मौजूद नहीं मिली। इसके बाद तत्काल इसकी जानकारी महिला थाना प्रभारी सीमा कुमारी को दी गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरीय अधिकारियों को भी अवगत कराया गया, जिसके बाद पुलिस विभाग में हलचल तेज हो गई।

रेलवे स्टेशन से लेकर आसपास के इलाकों में तलाश

महिला की खोज के लिए जामताड़ा थाना क्षेत्र, रेलवे स्टेशन और आसपास के रेलवे स्टेशनों को अलर्ट कर दिया गया है। पुलिस टीम शहर के विभिन्न इलाकों में लगातार तलाशी अभियान चला रही है।

बताया जा रहा है कि महिला ने पहले पुलिसकर्मियों से आसनसोल जाने के बारे में जानकारी ली थी। इसी आधार पर महिला थाना प्रभारी सीमा कुमारी पुलिस बल के साथ आसनसोल की दिशा में रवाना हुई हैं। खबर लिखे जाने तक महिला का कोई सुराग नहीं मिल पाया था और पुलिस लगातार संभावित स्थानों पर तलाश कर रही है।

Share This Article
रजी अहमद एक उभरते हुए कंटेंट राइटर हैं, जिन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में लगभग दो वर्षों का अनुभव है। उन्होंने न्यूज़ अरोमा में काम करते हुए विभिन्न विषयों पर लेखन किया और अपनी लेखन शैली को मजबूत बनाया। अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने कंटेंट राइटिंग, न्यूज़ लेखन और मीडिया से जुड़े विभिन्न पहलुओं में अच्छा अनुभव हासिल किया। वह लगातार सीखते हुए अपने करियर को आगे बढ़ा रहे हैं।