
Delhi Building Collapse: दक्षिण दिल्ली के साकेत मेट्रो स्टेशन के पास तीन मंजिला व्यावसायिक इमारत ढहने की घटना में अब मृतकों की संख्या बढ़कर चार हो गई है। हादसे के बाद प्रशासनिक कार्रवाई करते हुए दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) ने दो इंजीनियरों को निलंबित कर दिया है।
जानकारी के अनुसार, एमसीडी ने जूनियर इंजीनियर अमन जैन और असिस्टेंट इंजीनियर सुदेश सिंह चौहान को अपने कर्तव्यों में लापरवाही और निगरानी में ढिलाई बरतने के आरोप में निलंबित किया है।
यह इमारत शनिवार शाम को सैद-उल-अजायब क्षेत्र में अचानक ढह गई थी, जिसमें कोचिंग सेंटर, कैफे और कई कार्यालय संचालित हो रहे थे। हादसे के समय ऊपरी मंजिल पर निर्माण कार्य भी चल रहा था।
घटना के बाद मलबे में फंसे लोगों को निकालने के लिए एनडीआरएफ, दिल्ली अग्निशमन सेवा, दिल्ली पुलिस और अन्य एजेंसियों ने संयुक्त रूप से रातभर रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया। भारी मशीनों, हाइड्रोलिक उपकरणों और खोजी कुत्तों की मदद से राहत कार्य पूरा किया गया।
सभी घायलों को एम्स ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है। फिलहाल इमारत गिरने के कारणों की जांच की जा रही है। प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आगे की कार्रवाई के संकेत दिए हैं।

