
Train Accident: गिरिडीह जिले के पारसनाथ रेलवे स्टेशन से एक दर्दनाक घटना सामने आई है। ट्रेन से उतरने के दौरान गिरने से एक युवक की मौत हो गई। मृतक युवक का नाम मिथुन मंडल बताया जा रहा है, जो बगोदर थाना क्षेत्र के पोचरी गांव निवासी थे। घटना की जानकारी मिलने के बाद परिवार में शोक की लहर दौड़ गई। खबर मिलते ही पूरे गांव में मायूसी छा गई।
जानकारी के मुताबिक, मिथुन मंडल गुजरात में कार्यरत थे। वह भुसावल से मुंबई-हावड़ा ट्रेन पकड़कर अपने गांव पोचरी लौट रहे थे। पारसनाथ रेलवे स्टेशन पर ट्रेन से उतरते वक्त उनका संतुलन बिगड़ गया, जिससे वह खुद को संभाल नहीं पाए और अचानक गिर पड़े। घटना के समय ही उनकी मौके पर मौत हो गई।
घटना की जानकारी मिलते ही बेको पूर्वी पंचायत के पूर्व मुखिया तकलाल चौधरी पारसनाथ रेलवे स्टेशन पहुंचे और मामले की जानकारी प्राप्त की। जानकारी मिली है कि मिथुन मंडल ट्रांसमिशन लाइन में स्टार लाइट के सीनियर सुपरवाइजर के पद पर कार्यरत थे। परिवार वालों का रो-रोकर बुरा हाल है। आसपास के लोगों में भी शोक का माहौल है।

