
फिल्मों का शीर्षक दर्शकों का ध्यान खींचने में अहम भूमिका निभाता है। निर्देशक सुरेश त्रिवेणी भी मानते हैं कि किसी फिल्म का नाम उसकी पहचान और आकर्षण का सबसे महत्वपूर्ण हिस्सा होता है। तुम्हारी सुलू और जलसा जैसी सराहनीय फिल्मों का निर्देशन कर चुके सुरेश की अगली फिल्म मां बहन 4 जून को नेटफ्लिक्स पर रिलीज होने जा रही है।
कहानी से निकला फिल्म का नाम
फिल्म के अनोखे शीर्षक के पीछे की सोच साझा करते हुए सुरेश त्रिवेणी ने बताया कि उनके लिए शीर्षक हमेशा बेहद मायने रखता है। उन्होंने कहा कि फिल्म की कहानी मां रेखा और उसकी दो बेटियों जया और सुषमा के इर्द-गिर्द घूमती है। ऐसे में उन्हें लगा कि मां बहन से बेहतर और सटीक शीर्षक कोई दूसरा नहीं हो सकता था। यह नाम सीधे तौर पर फिल्म के मूल भाव और किरदारों को दर्शाता है।
विज्ञापन जगत ने सिखाई शीर्षक की अहमियत
सुरेश ने बताया कि वह विज्ञापन जगत से आते हैं, जहां किसी भी प्रोजेक्ट का नाम आकर्षक और यादगार होना बेहद जरूरी होता है। यही कारण है कि वह अपनी फिल्मों के शीर्षक पर विशेष ध्यान देते हैं। उनके अनुसार, जब उन्होंने इस फिल्म की कहानी लिखी, तभी यह शीर्षक उनके दिमाग में आ गया था।
उन्होंने यह भी कहा कि तुम्हारी सुलू का शीर्षक भी इसी तरह सहज रूप से सामने आया था। सुरेश का मानना है कि एक प्रभावशाली शीर्षक न सिर्फ दर्शकों की जिज्ञासा बढ़ाता है, बल्कि फिल्म की कहानी का सार भी प्रस्तुत करता है।

