
एक दशक से साथ फिल्म नहीं करने वाले सैफ अली खान ने बताया कि क्यों ठुकराए कई प्रस्ताव, साथ ही किस तरह की कहानी उन्हें और करीना कपूर को दोबारा साथ ला सकती है।
लंबे समय से इसलिए साथ नजर नहीं आएं सैफ और करीना
बॉलीवुड के चर्चित कपल सैफ अली खान और करीना कपूर खान को बड़े पर्दे पर साथ देखे हुए एक दशक से अधिक समय बीत चुका है। दोनों की जोड़ी को दर्शकों ने कई फिल्मों में पसंद किया, लेकिन लंबे समय से वे किसी फिल्म में साथ नजर नहीं आए हैं। अब सैफ अली खान ने इसकी वजह का खुलासा किया है।
ऑन-स्क्रीन केमिस्ट्री के लिए कलाकारों के बीच थोड़ा असहजपन जरूरी
सैफ का मानना है कि सफल ऑन-स्क्रीन केमिस्ट्री के लिए कलाकारों के बीच थोड़ा असहजपन होना जरूरी होता है। उनके अनुसार, वास्तविक जीवन में पति-पत्नी होने के कारण उनके और करीना के बीच जो सहजता है, वह कई बार अभिनय की स्वाभाविक चुनौती को कम कर देती है। यही कारण है कि दोनों ने अब तक साथ काम करने के कई प्रस्तावों को अस्वीकार किया है।
रिश्ते, रोमांच और रहस्य से जुड़ी कहानी उन्हें कर सकती आकर्षित
हालांकि, सैफ ने यह भी स्पष्ट किया कि यदि कोई दमदार और दिलचस्प कहानी सामने आती है तो वे और करीना फिर से साथ काम करने के लिए तैयार हैं। उन्होंने हॉलीवुड की लोकप्रिय ‘मर्डर मिस्ट्री’ शैली का उदाहरण देते हुए कहा कि पति-पत्नी के रिश्ते, रोमांच और रहस्य से जुड़ी कहानी उन्हें आकर्षित कर सकती है।
वर्कफ्रंट की बात करें तो सैफ जल्द ही ‘हम हिंदुस्तानी’ और ‘हैवान’ में नजर आएंगे, जबकि करीना कपूर निर्देशक मेघना गुलजार की आगामी फिल्म ‘दायरा’ में दिखाई देंगी।

