नालों की सफाई में घोर अनियमितता, सरयू राय के जनसुविधा प्रतिनिधि ने उपायुक्त को पत्र लिख जांच की मांग की

बरसात से पहले नालों की सफाई में अनियमितता का आरोप, मुकुल मिश्रा ने डीसी से जांच की मांग की। कम मजदूर लगाने से कदमा और सोनारी में जलजमाव की आशंका बढ़ी।

2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

जमशेदपुर : जमशेदपुर पश्चिम विधायक सरयू राय के जनसुविधा प्रतिनिधि मुकुल मिश्रा ने पूर्वी सिंहभूम के डीसी को पत्र लिख कर जेएनएसी की ओर से बड़े नालों की सफाई कार्य में घोर अनियमितता बरतने का आरोप लगाये हुए सक्षम पदाधिकारी से जांच की मांग की है। मुकुल मिश्रा ने पत्र में लिखा है कि जेएनएसी प्रत्येक वर्ष बरसात से पूर्व बड़े नाला-नालों की सफाई की जाती है। इस बार भी बरसात से पूर्व कदमा एवं सोनारी के बड़े नालों की सफाई प्रारंभ की गयी है।

मुकुल मिश्रा के अनुसार, नालों की सफाई के लिए निविदा प्रक्रिया के द्वारा 30 मजदूरों की व्यवस्था की गयी है लेकिन जेएनएसी कम मजदूर लगा रहा है। उन्होंने लिखा है कि सोनारी क्षेत्र में दिनांक एक जून और दो जून को मात्र 17 मजदूरों को सफाई कार्य में लगाया गया था। उनका आरोप है कि कदमा क्षेत्र में दिनांक तीन और चार जून को मात्र 19 मजदूरों को लगाया गया।

मुकुल मिश्रा के अनुसार, फिलहाल सोनारी में नालों की सफाई का कार्य बंद है। मौसम विभाग ने शीघ्र बारिश की संभावना जतायी है। यदि मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार बारिश होती है तो सोनारी, कदमा के निचले इलाकों में जल-जमाव होगा और बाढ़ स्थिति उत्पन्न हो जाएगी। ऐसी परिस्थिति में इसकी संपूर्ण जिम्मेदारी जमशेदपुर अक्षेस की होगी।

मुकुल मिश्रा ने आरोप लगाया कि जेएनएसी के उप नगर आयुक्त के उदासीन रवैया और विभाग के द्वारा तय मजदूरों (30) की संख्या से कम मजदूरों को सफाई कार्य में लगाने के कारण बड़े नालों का सफाई कार्य प्रभावित हो रहा है और समय पर सफाई कार्य पूर्ण होने की संभावना नहीं दिख रही है। मुकुल मिश्रा ने उपायुक्त से मांग की है कि इस मामले की जांच किसी सक्षम पदाधिकारी से करवाएं।

Share This Article
विनीता चौबे को 10 साल का अनुभव है। उन्होनें सन्मार्ग से पत्रकारिता की शुरुआत की थी। फिर न्यूज विंग, बाइस स्कोप, द न्यूज पोस्ट में भी काम किया। वे राजनीति, अपराध, सामाजिक मुद्दों और स्थानीय घटनाओं से जुड़ी खबरों को सरल और तथ्यात्मक भाषा में पाठकों तक पहुंचाने के लिए जानी जाती हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय रहते हुए उनका प्रयास रहता है कि जमीनी स्तर की महत्वपूर्ण खबरों को सही और विश्वसनीय जानकारी के साथ लोगों तक पहुंचाया जाए।