मरीज दवा के लिए भटक रहा, दूसरी तरफ सड़क किनारे फेंकी जा रही हैं दवाइयां, आखिर यह कैसी स्वास्थ्य व्यवस्था : बाबूलाल मरांडी

Archana Ekka
3 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

नेता प्रतिपक्ष ने लातेहार जिले के मनिका में सरकारी दवाइयों के फेंके जाने की घटना को लेकर सरकार को घेरा

रांची : नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने लातेहार जिले के मनिका में मनिका थाना और दो मुहान नदी के बीच के जंगल में सरकारी दवाइयों के फेंके जाने की घटना को लेकर राज्य सरकार को कठघरे में खड़ा किया है। श्री मरांडी ने कहा है कि इस घटना ने झारखंड की स्वास्थ्य व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। ये केवल दवाइयाँ नहीं थीं, बल्कि गरीब मरीजों के इलाज का अधिकार, जनता के टैक्स का पैसा और सरकारी जवाबदेही सड़क पर बिखरी हुई हैं। लेकिन अफसोस की बात यह है कि राज्य के स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी को जनता की इस पीड़ा से ज्यादा सोशल मीडिया पर रील बनाने, कैमरे के सामने बयान देने और आलोचकों को मुकदमे व केस की धमकी देकर डराने में दिलचस्पी दिखाई देती है।

श्री मरांडी ने सोशल मीडिया के अपने एक्स हैंडल पर लिखा है कि आज झारखंड का गरीब मरीज सरकारी अस्पतालों में दवा के लिए भटक रहा है। कहीं डॉक्टर नहीं, कहीं बेड नहीं, कहीं जांच की सुविधा नहीं, और जहाँ कुछ उपलब्ध है वहाँ दवाइयों का टोटा। लेकिन दूसरी तरफ लाखों रुपये की सरकारी दवाइयाँ सड़क किनारे फेंक दी जाती हैं। आखिर यह कैसी स्वास्थ्य व्यवस्था है? जब जनता सवाल पूछती है, पत्रकार मुद्दा उठाते हैं, विपक्ष आवाज उठाता है या सोशल मीडिया पर लोग सरकार की विफलता बताते हैं, तब जवाब देने के बजाय केस-मुकदमे की धमकी देकर लोगों को चुप कराने की नाकाम कोशिश शुरू हो जाती है। क्या लोकतंत्र में सवाल पूछना अपराध है? क्या जनता अपने टैक्स के पैसे का हिसाब भी नहीं मांग सकती?

उन्होंने स्वास्थ्य मंत्री और राज्य सरकार की कार्यप्रणाली पर तंज कसते हुए आगे कहा कि रील और कैमरों से अस्पताल नहीं चलते। डायलॉगबाज़ी से मरीजों का इलाज नहीं होता। धमकी देकर सच्चाई नहीं छिपाई जा सकती। जब मरीज दवा के बिना परेशान थे, तब ये दवाइयाँ सड़क पर कैसे पहुँचीं? किसके संरक्षण में यह लापरवाही हुई? अब तक कितने अधिकारियों पर कार्रवाई हुई? या फिर हमेशा की तरह मामले को दबाने और सवाल पूछने वालों को डराने का खेल चलेगा?

उन्होंने मुख्यमंत्री से सवाल किया है कि आखिर कब तक गरीबों की जिंदगी, जनता के टैक्स के पैसे और स्वास्थ्य व्यवस्था के साथ ऐसा मजाक होता रहेगा?

Share This Article
अर्चना एक्का को पत्रकारिता का दो वर्ष का अनुभव है। उन्होंने अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत इंटर्नशिप से की। इस दौरान उन्होंने झारखंड उजाला, सनमार्ग और इम्पैक्ट नेक्सस जैसे मीडिया संस्थानों में काम किया। इन संस्थानों में उन्होंने रिपोर्टर, एंकर और कंटेंट राइटर के रूप में कार्य करते हुए न्यूज़ रिपोर्टिंग, एंकरिंग और कंटेंट लेखन का अनुभव प्राप्त किया। पत्रकारिता के क्षेत्र में वह सक्रिय रूप से काम करते हुए अपने अनुभव को लगातार आगे बढ़ा रही हैं।