
सोशल मीडिया पर सितारों की एक छोटी-सी पोस्ट भी कभी-कभी बड़े विवाद या चर्चाओं का कारण बन जाती है। हाल ही में बॉलीवुड अभिनेता रितिक रोशन के साथ भी कुछ ऐसा ही हुआ। उनकी एक इंस्टाग्राम पोस्ट के बाद प्रशंसकों ने उन्हें फिल्म ‘डॉन 3’ का संभावित चेहरा मानना शुरू कर दिया।
‘लक बाय चांस’ के किरदार का किया जिक्र
रितिक रोशन ने इंस्टाग्राम पर एक तस्वीर साझा करते हुए लिखा कि जब उनसे पूछा गया कि वह किस तरह की भूमिका निभाना चाहते हैं, तो उन्हें फिल्म ‘लक बाय चांस’ का जफर किरदार याद आ गया। उन्होंने कहा कि यदि उन्हें ऐसा किरदार निभाने का मौका मिले तो वह तुरंत तैयार हो जाएंगे। साथ ही मजाकिया अंदाज में उन्होंने यह भी कहा कि निर्देशक उन्हें अक्सर सिर्फ अच्छे इंसान वाले किरदारों में ही देखना पसंद करते हैं।
जोया अख्तर की टिप्पणी ने बढ़ाई उत्सुकता
रितिक की पोस्ट पर फिल्म ‘लक बाय चांस’ की निर्देशक जोया अख्तर ने प्रतिक्रिया देते हुए लिखा, “चलो, कॉफी पर मिलते हैं।” बस फिर क्या था, सोशल मीडिया पर फैंस ने कयास लगाने शुरू कर दिए। कई लोगों ने ‘जिंदगी ना मिलेगी दोबारा’ के सीक्वल की मांग की, तो कुछ ने रितिक को ‘डॉन 3’ में कास्ट करने की बात उठाई।
‘डॉन 3’ को लेकर रितिक ने किया साफ इनकार
हालांकि बढ़ती अटकलों के बीच रितिक रोशन पहले ही स्पष्ट कर चुके हैं कि ‘डॉन 3’ को लेकर उनसे किसी ने संपर्क नहीं किया है। इसके बावजूद उनकी पोस्ट और जोया अख्तर की टिप्पणी ने प्रशंसकों के बीच उत्सुकता बढ़ा दी है। अब सभी की नजर इस बात पर है कि भविष्य में इस चर्चा पर रितिक या फिल्ममेकर्स की ओर से कोई नई प्रतिक्रिया आती है या नहीं।

