
Chandil Accident : सरायकेला-खरसावां जिले के चांडिल में रविवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे में दो ऑटो (टेम्पू) की आमने-सामने टक्कर हो गई। इस दुर्घटना में दोनों वाहनों के चालक समेत कुल छह लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा राष्ट्रीय राजमार्ग-33 (टाटा-रांची हाईवे) पर भादूडीह स्थित HLM फ्यूल पंप के समीप सुबह करीब 8 बजे हुआ।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, एक ऑटो चार सवारियों को लेकर चांडिल से जमशेदपुर की ओर जा रहा था। इसी दौरान चिलगु की तरफ से एक अन्य ऑटो गलत दिशा में आता दिखाई दिया। सामने अचानक वाहन देखकर चालक घबरा गया और टक्कर टालने की कोशिश की, लेकिन तेज रफ्तार के कारण दोनों ऑटो की जोरदार भिड़ंत हो गई।
टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों ऑटो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई और आसपास के लोग तुरंत मदद के लिए पहुंच गए।
स्थानीय लोगों और राहगीरों ने घायलों को वाहनों से बाहर निकालकर प्राथमिक सहायता उपलब्ध कराई। सूचना मिलते ही एंबुलेंस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को बेहतर इलाज के लिए जमशेदपुर के MGM अस्पताल भेज दिया गया।
फिलहाल घायलों का इलाज जारी है। दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।

