


रांची: जेपीएससी और जेएसएससी-सीजीएल भर्ती परीक्षा में धांधली और भ्रष्टाचार के आरोपों की सीबीआई जांच की मांग को लेकर झारखंड की मुख्य विपक्षी पार्टी बीजेपी मंगलवार, 8 सितंबर से राज्यव्यापी प्रदर्शन शुरू करने जा रही है। पार्टी का यह आंदोलन 11 सितंबर तक चलेगा। इस दौरान हर दिन छह जिलों में बीजेपी के नेता और कार्यकर्ता डीसी-एसपी कार्यालय का घेराव कर प्रदर्शन करेंगे।





बीजेपी ने पूरे राज्य में प्रदर्शन को लेकर खास रणनीति तैयार की है। हर दिन छह जिलों में आंदोलन किया जाएगा, ताकि प्रदेश स्तर के नेता भी अलग-अलग जिलों में पहुंचकर प्रदर्शन में शामिल हो सकें। प्रदेश अध्यक्ष और सांसद आदित्य साहू रांची में होने वाले प्रदर्शन में शामिल होंगे। वहीं, नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी राज्य की उप राजधानी दुमका में मौजूद रहेंगे। पार्टी के अन्य वरिष्ठ नेताओं को भी अलग-अलग जिलों की जिम्मेदारी सौंपी गई है। पूर्व मुख्यमंत्री मधु कोड़ा जमशेदपुर में प्रदर्शन में शामिल होंगे, जबकि केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ गढ़वा में बीजेपी के आंदोलन का हिस्सा बनेंगे।
बीजेपी की क्या हैं मांगें?
- आंदोलन के दौरान छात्रों के खिलाफ दर्ज किए गए मामलों को वापस लिया जाए।
- परीक्षाओं में हुए भ्रष्टाचार में शामिल सभी दोषियों को गिरफ्तार किया जाए।
- जेपीएससी और जेएसएससी-सीजीएल परीक्षा की जांच सीबीआई से कराई जाए।
