
ओटीटी प्लेटफॉर्म्स के दर्शकों के लिए यह शुक्रवार बेहद खास होने वाला है। जहां एक ओर सिनेमाघरों में कई बड़ी फिल्में रिलीज होने जा रही हैं, वहीं दूसरी ओर डिजिटल प्लेटफॉर्म्स पर भी मनोरंजन का भरपूर खजाना तैयार है। 12 जून को अलग-अलग ओटीटी प्लेटफॉर्म्स पर हॉरर, क्राइम थ्रिलर, एक्शन और फैमिली एंटरटेनमेंट से भरपूर कई नई फिल्में और सीरीज रिलीज होने वाली हैं। आइए जानते हैं इस हफ्ते की प्रमुख ओटीटी रिलीज के बारे में।
‘भूत बंगला’ लेकर आ रहे हैं अक्षय कुमार
अक्षय कुमार, वामिका गब्बी, राजपाल यादव और दिवंगत अभिनेता असरानी अभिनीत फिल्म ‘भूत बंगला’ अब ओटीटी पर दस्तक देने के लिए तैयार है। प्रियदर्शन के निर्देशन में बनी यह हॉरर-कॉमेडी फिल्म अप्रैल में सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी। जो दर्शक इसे थिएटर में नहीं देख पाए थे, वे अब 12 जून से नेटफ्लिक्स पर इसका आनंद ले सकते हैं।
‘मां है ना’ में दिखेगा मां-बच्चों का खास रिश्ता
इस सप्ताह केवल फिल्में और वेब सीरीज ही नहीं, बल्कि एक अनोखा कुकिंग रियलिटी शो ‘मां है ना’ भी दर्शकों का मनोरंजन करेगा। इस शो में जेन-जी सेलिब्रिटीज अपनी माताओं के साथ नजर आएंगे। 10 एपिसोड की यह नॉन-फिक्शन सीरीज 12 जून से जी5 पर स्ट्रीम होगी।
एक्शन से भरपूर होगी ‘करुप्पू’
साउथ सुपरस्टार सूर्या और तृषा कृष्णन की चर्चित तमिल एक्शन फिल्म ‘करुप्पू’ ने सिनेमाघरों में शानदार प्रदर्शन किया था। अब यह फिल्म 12 जून से प्राइम वीडियो पर उपलब्ध होगी। सूर्या की दमदार एक्टिंग और फिल्म की कहानी को दर्शकों ने खूब सराहा था।
अली फजल की क्राइम थ्रिलर ‘राख’
क्राइम और सस्पेंस पसंद करने वाले दर्शकों के लिए अभिनेता अली फजल और सोनाली बेंद्रे अभिनीत वेब सीरीज ‘राख’ एक शानदार विकल्प साबित हो सकती है। ‘पाताललोक’ के निर्देशक प्रोसित रॉय द्वारा निर्देशित यह क्राइम इन्वेस्टिगेशन सीरीज 12 जून से प्राइम वीडियो पर स्ट्रीम होगी।
मलयालम थ्रिलर ‘ड्रिडम’ भी होगी रिलीज
मलयालम भाषा की क्राइम थ्रिलर फिल्म ‘ड्रिडम’ भी इस हफ्ते ओटीटी पर रिलीज हो रही है। एक पुलिस अधिकारी की कहानी पर आधारित यह फिल्म 12 जून से जियो हॉटस्टार पर उपलब्ध होगी। इसके अलावा ‘तारकटा’ और ‘करुपू’ जैसी अन्य फिल्में भी इसी दिन डिजिटल प्लेटफॉर्म्स पर रिलीज होंगी।

