भारतीय खेल जगत को बड़ा झटका! दिग्गज शूटिंग कोच जसपाल राणा का निधन, 49 साल की उम्र में ली अंतिम सांस

भारतीय शूटिंग जगत को बड़ा झटका, एशियाई खेलों के स्वर्ण पदक विजेता और दिग्गज कोच जसपाल राणा का 49 वर्ष की उम्र में निधन, खेल जगत में शोक।

2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

डेस्क : भारतीय खेल जगत से एक बेहद दुखद और चौंकाने वाली खबर सामने आई है। देश के प्रसिद्ध शूटिंग कोच और एशियाई खेलों के स्वर्ण पदक विजेता जसपाल राणा का 49 वर्ष की आयु में निधन हो गया। उनके अचानक निधन की खबर से खेल जगत में शोक की लहर दौड़ गई है।

जानकारी के मुताबिक जसपाल राणा हाल ही में जर्मनी के म्युनिख में आयोजित आईएसएसएफ वर्ल्ड कप में भारतीय दल के साथ मौजूद थे। वहां से भारत लौटने के दौरान फ्लाइट में ही उनकी तबीयत बिगड़ गई। दिल्ली पहुंचते ही उन्हें तुरंत साकेत स्थित मैक्स हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों की टीम ने उनका इलाज किया, लेकिन तमाम प्रयासों के बावजूद शुक्रवार को उन्होंने अंतिम सांस ली। भारतीय राष्ट्रीय राइफल संघ (एनआरएआई) के एक सूत्र ने बताया, जसपाल को विमान में ही असहज महसूस होने लगा था। दिल्ली पहुंचने के बाद वे सीधे अस्पताल गए, जहां जांच के बाद उन्हें स्टेंट डाला गया था।

एक खिलाड़ी के रूप में शानदार उपलब्धियां हासिल करने वाले जसपाल राणा ने कोच के तौर पर भी भारतीय निशानेबाजी को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई। जूनियर टीम के कोच और हाई परफॉर्मेंस ट्रेनर के रूप में उनका योगदान लंबे समय तक याद किया जाएगा। उनके मार्गदर्शन में भारत की स्टार निशानेबाज मनु भाकर ने पेरिस ओलंपिक में दो पदक जीतकर देश का नाम रोशन किया था। यही नहीं उन्होंने कई युवा खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सफलता दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। जसपाल राणा पिछले साल फरवरी से 25 मीटर पिस्टल स्पर्धा में भारत के हाई परफॉर्मेंस कोच के रूप में कार्यरत थे। मनु भाकर के अलावा सौरभ चौधरी, अनीश भानवाला और चिंकी यादव जैसे कई शीर्ष निशानेबाजों के करियर को संवारने में भी उनका बड़ा योगदान रहा है। भारतीय शूटिंग में उनके योगदान को हमेशा याद किया जाएगा।

Share This Article
विनीता चौबे को 10 साल का अनुभव है। उन्होनें सन्मार्ग से पत्रकारिता की शुरुआत की थी। फिर न्यूज विंग, बाइस स्कोप, द न्यूज पोस्ट में भी काम किया। वे राजनीति, अपराध, सामाजिक मुद्दों और स्थानीय घटनाओं से जुड़ी खबरों को सरल और तथ्यात्मक भाषा में पाठकों तक पहुंचाने के लिए जानी जाती हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय रहते हुए उनका प्रयास रहता है कि जमीनी स्तर की महत्वपूर्ण खबरों को सही और विश्वसनीय जानकारी के साथ लोगों तक पहुंचाया जाए।