
जमशेदपुर: पश्चिमी सिंहभूम जिले के झींकपानी स्थित ACC Limited के चाईबासा सीमेंट वर्क्स को 16 अगस्त 2026 से स्थायी रूप से बंद करने का निर्णय लिया गया है। कंपनी ने इस संबंध में औद्योगिक संबंध संहिता, 2020 के तहत केंद्र सरकार को औपचारिक सूचना भेज दी है। संयंत्र बंद होने से यहां कार्यरत 74 कर्मचारियों की सेवाएं प्रभावित होंगी। लगभग 80 वर्ष पुराने इस सीमेंट प्लांट की स्थापना वर्ष 1946 में हुई थी और यह क्षेत्र के प्रमुख औद्योगिक प्रतिष्ठानों में से एक माना जाता रहा है।
कंपनी द्वारा भेजी गई बंदी सूचना के अनुसार, चूना पत्थर के खनिज भंडार के समाप्त होने, क्लिंकर उत्पादन की बढ़ती लागत तथा पुराने और कम दक्षता वाले संयंत्र के कारण प्लांट का संचालन आर्थिक रूप से व्यवहारिक नहीं रह गया है। इन परिस्थितियों को देखते हुए प्रबंधन ने संयंत्र को स्थायी रूप से बंद करने का निर्णय लिया है। प्लांट बंद होने की खबर से कर्मचारियों और उनके परिवारों में चिंता का माहौल है। वहीं स्थानीय स्तर पर भी इस निर्णय का आर्थिक और सामाजिक प्रभाव पड़ने की आशंका जताई जा रही है। झींकपानी क्षेत्र की पहचान लंबे समय से इस सीमेंट उद्योग से जुड़ी रही है, ऐसे में संयंत्र की बंदी को क्षेत्र के औद्योगिक इतिहास की एक महत्वपूर्ण घटना माना जा रहा है।

