
रांची: रांची की चुटिया थाना क्षेत्र स्थित आरएसएस कार्यालय में बुधवार देर रात अज्ञात शरारती तत्वों ने आरएसएस कार्यालय को निशाना बनाते हुए दो पेट्रोल बम फेंके। इनमें से एक बम फट गया, जबकि दूसरा विस्फोट नहीं कर सका। घटना की खबर मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलने के बाद रांची पुलिस के अधिकारी तत्काल मौके पर पहुंचकर मामले की जांच शुरू कर दी।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दो युवकों ने सॉस की बोतलों में पेट्रोल भरकर उन्हें आरएसएस कार्यालय परिसर के अंदर फेंकने की कोशिश की थी। हालांकि दोनों बोतलें बाउंड्री वॉल के ठीक पहले ही गिर गईं। मामले को लेकर रांची के सिटी एसपी पारस राणा ने बताया कि घटना की गंभीरता को देखते हुए जांच तेज कर दी गई है। अब तक की जांच में दो युवकों की संलिप्तता की बात सामने आई है।
उन्होंने कहा कि मामले की तह तक पहुंचने के लिए एफएसएल समेत कई टीमों को लगाया गया है। घटना को अंजाम देने वाले असामाजिक तत्वों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार प्रयास कर रही है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। इसके साथ ही तकनीकी सेल की भी मदद ली जा रही है, ताकि आरोपियों तक जल्द से जल्द पहुंचा जा सके। फिलहाल पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है।

