
रांची: राजधानी के हरमू रोड में बुधवार को एक बड़ा सड़क हादसा हो गया, जहां स्कूली बच्चों से भरा एक ऑटो अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया। इस दुर्घटना में ऑटो में सवार कई स्कूली बच्चों को चोटें आई हैं। बताया जा रहा है कि हादसे का शिकार हुए बच्चे डीएवी कपिल देव स्कूल के हैं। इस घटना के बाद मौके पर आक्रोश का माहौल देखा गया। स्थानीय लोगों और पीड़ित बच्चों के परिजनों का आरोप है कि दुर्घटना के काफी देर बाद तक न तो मौके पर कोई एम्बुलेंस पहुंची और न ही पुलिस प्रशासन। प्रशासन की इस घोर निष्क्रियता और संवेदनहीनता को लेकर परिजनों और स्थानीय नागरिकों में भारी आक्रोश है।
गुस्साए लोगों ने मौके पर ही हंगामा शुरू कर दिया। स्थानीय लोगों का कहना है कि स्कूल की छुट्टी और एंट्री के समय सड़कों पर भारी वाहनों और ट्रैफिक का दबाव रहता है, लेकिन सुरक्षा के कोई इंतजाम नहीं होते। आक्रोशित लोगों ने जिला प्रशासन और ट्रैफिक पुलिस से मांग की है कि स्कूली समय के दौरान हरमू रोड समेत शहर के सभी प्रमुख संवेदनशील मोड़ों और स्कूल जोन्स में अनिवार्य रूप से ट्रैफिक पुलिस के जवानों की तैनाती की जाए, ताकि भविष्य में ऐसे हादसों को रोका जा सके।

