
रांची : झारखंड सरकार ने शिक्षा विभाग से जुड़े हजारों शिक्षक-कर्मियों और शैक्षणिक संसाधन कर्मियों को बड़ी राहत देने का फैसला लिया है। राज्य के कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालयों, झारखंड बालिका आवासीय विद्यालयों, बीआरपी (ब्लॉक रिसोर्स पर्सन) और सीआरपी (क्लस्टर रिसोर्स पर्सन) समेत कुल 8,525 लोगों का 5 लाख रुपये का जीवन बीमा कराया जाएगा। इसके लिए राज्य सरकार एलआईसी के माध्यम से बीमा योजना लागू करेगी। स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग ने सभी जिलों से संबंधित शिक्षक-कर्मियों की सहमति लेकर 25 जून तक प्रस्ताव भेजने को कहा है। इस बीमा योजना के तहत लाभुकों के वेतन अथवा मानदेय से प्रतिमाह 500 रुपये की कटौती की जाएगी। बीमा प्रीमियम का भुगतान मासिक, छमाही अथवा वार्षिक आधार पर किया जा सकेगा।
सेवाकाल में मृत्यु होने पर मिलेगा 5 लाख रुपये
योजना के तहत यदि किसी शिक्षक या कर्मी की सेवाकाल के दौरान मृत्यु हो जाती है तो उसके आश्रित परिवार को 5 लाख रुपये की एकमुश्त बीमा राशि प्रदान की जाएगी। वहीं सामान्य परिस्थितियों में सेवानिवृत्ति के बाद अंशदान की राशि ब्याज सहित वापस मिलेगी। जानकारी के अनुसार कुल जमा राशि पर 7.50 प्रतिशत ब्याज का लाभ भी दिया जाएगा।
इन कर्मियों को मिलेगा योजना का लाभ
इस योजना का लाभ राज्य के 203 कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालयों और 57 झारखंड बालिका आवासीय विद्यालयों के 5,075 शिक्षक एवं कर्मियों को मिलेगा। इसके अलावा 2,950 प्रखंड साधनसेवी (बीआरपी) और संकुल साधनसेवी (सीआरपी), नेताजी सुभाषचंद्र बोस आवासीय विद्यालय के 280 शिक्षक-कर्मियों तथा 220 रिसोर्स टीचरों को भी योजना के दायरे में शामिल किया गया है। विभाग की ओर से जिला स्तर पर बीमा पॉलिसी की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।

