
बॉलीवुड से लेकर हॉलीवुड तक अपनी पहचान बना चुकीं प्रियंका चोपड़ा इन दिनों अपनी आगामी फिल्म ‘वाराणसी’ को लेकर चर्चा में हैं। यह बड़े बजट की फिल्म मानी जा रही है, जिससे प्रियंका को काफी उम्मीदें हैं। एसएस राजामौली के निर्देशन में बन रही इस फिल्म में प्रियंका के साथ महेश बाबू और पृथ्वीराज सुकुमारन जैसे बड़े सितारे भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। फिल्म को लेकर फैंस के बीच पहले से ही उत्साह बना हुआ है।
एंजेलिना जोली संग नए प्रोजेक्ट का खुलासा
हाल ही में फॉर्च्यून इंडिया को दिए इंटरव्यू में प्रियंका चोपड़ा ने अपने फ्यूचर प्लान्स पर खुलकर बात की। इस दौरान उन्होंने बताया कि वह जल्द ही एंजेलिना जोली के साथ एक प्रोजेक्ट पर काम करने वाली हैं। हालांकि, प्रियंका ने यह साफ नहीं किया कि यह प्रोजेक्ट फिल्म, विज्ञापन या किसी चैरिटी से जुड़ा होगा। प्रियंका ने एंजेलिना जोली को उन महिलाओं में शामिल बताया, जिनसे उन्हें प्रेरणा मिलती है। इस खुलासे के बाद फैंस के बीच उत्सुकता और बढ़ गई है।
‘वाराणसी’ के सेट पर मस्ती और फोकस दोनों
प्रियंका ने हैदराबाद में चल रही ‘वाराणसी’ की शूटिंग का अनुभव भी साझा किया। उन्होंने बताया कि सेट का माहौल बेहद मजेदार है, क्योंकि सभी कलाकारों के परिवार भी वहां मौजूद हैं। ऐसे में काम के साथ-साथ हंसी-मजाक और अच्छी बॉन्डिंग भी बनी हुई है। प्रियंका के मुताबिक, माहौल हल्का-फुल्का जरूर है, लेकिन रिहर्सल और फोकस के साथ काम किया जा रहा है।
करियर में अब मिली ज्यादा क्रिएटिव आजादी
प्रियंका चोपड़ा ने अपने करियर में आए बदलावों पर भी खुलकर बात की। उन्होंने कहा कि शुरुआती दौर में स्क्रिप्ट्स उनके हिसाब से नहीं लिखी जाती थीं, लेकिन अब स्थिति बदल चुकी है। अब वह अपने प्रोजेक्ट्स खुद चुन सकती हैं और उन्हें अपनी शर्तों पर आगे बढ़ा सकती हैं। प्रियंका इंटरनेशनल स्तर पर मीरा नायर की बायोपिक ड्रामा ‘अमरी’ से भी जुड़ी हुई हैं।

