
Jantar Mantar Protest : जंतर-मंतर एक बार फिर बड़े जनआंदोलन का केंद्र बनने जा रहा है। Cockroach Janta Party (CJP) के कार्यकर्ता पिछले कई दिनों से शिक्षा व्यवस्था में सुधार और परीक्षा से जुड़े मुद्दों को लेकर धरने पर बैठे हैं। अब लद्दाख के सामाजिक कार्यकर्ता और शिक्षा सुधारक सोनम वांगचुक ने 28 जून से इसी मंच पर अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल शुरू करने का ऐलान किया है।
सोनम वांगचुक का कहना है कि लंबे समय से शांतिपूर्ण तरीके से मांगें उठाने और सरकार से बातचीत की कोशिश करने के बावजूद कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। उनका आरोप है कि शिक्षा और परीक्षा व्यवस्था से जुड़े अहम मुद्दों पर लगातार अनदेखी हो रही है। इसी वजह से उन्होंने अनशन का रास्ता चुना है।
जानकारी के मुताबिक, यह भूख हड़ताल 28 जून से जंतर-मंतर पर शुरू होगी और तब तक जारी रहेगी, जब तक सरकार उनकी प्रमुख मांगों पर स्पष्ट निर्णय नहीं लेती। आंदोलन में किसानों, शिक्षकों, छात्रों, अभिभावकों और आम नागरिकों से भी बड़ी संख्या में शामिल होने की अपील की गई है।
CJP के कार्यकर्ता 20 जून से जंतर-मंतर पर धरना दे रहे हैं। संगठन का कहना है कि शिक्षा व्यवस्था में सुधार, परीक्षा प्रक्रिया में पारदर्शिता और छात्रों से जुड़े मुद्दों पर सरकार को जवाबदेह बनाना जरूरी है। प्रदर्शनकारी केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग भी कर रहे हैं।
अब 28 जून से सोनम वांगचुक के अनशन में शामिल होने के बाद आंदोलन और तेज होने की संभावना है। ऐसे में आने वाले दिनों में जंतर-मंतर पर राजनीतिक और सामाजिक गतिविधियां और भी बढ़ सकती हैं।

