
रांची: झारखंड में मानसून अब तेजी से आगे बढ़ रहा है। मौसम विभाग के अनुसार अगले दो से तीन दिनों में दक्षिण-पश्चिम मानसून राज्य के बाकी हिस्सों तक पहुंच जाएगा। अगले पांच दिनों में अधिकतम तापमान 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक घट सकता है, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी।
पिछले 24 घंटों में कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश हुई। डालटनगंज सबसे गर्म रहा, जहां तापमान 40.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि नामकोम (रांची) का न्यूनतम तापमान 21.4 डिग्री रहा। देवघर के सिकटिया में सबसे अधिक 54 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई।
मौसम विभाग ने 28 जून से 1 जुलाई तक कई जिलों में गरज, वज्रपात और 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने की चेतावनी दी है। 30 जून और 1 जुलाई को कुछ जिलों में भारी बारिश की संभावना है। 2 से 4 जुलाई तक राज्य के अधिकतर हिस्सों में बादल छाए रहने और हल्की से मध्यम बारिश होने का अनुमान है।

