
Land Encroachment : रांची के रिम्स (RIMS) की जमीन पर अवैध कब्जा कर अपार्टमेंट बनवाने के मामले में एसीबी ने बड़ी कार्रवाई की है। रियल एस्टेट कंपनी लकी ग्रुप के प्रमोटर शुभम साबू को गिरफ्तार किया गया है। जांच में पता चला है कि मोरहाबादी मौजा के 8 एकड़ और कोकर मौजा के 1.65 एकड़, कुल मिलाकर 9.65 एकड़ जमीन पर कब्जा कर लिया गया था। शुभम साबू ने वहां लगभग ₹14 करोड़ खर्च कर आवासीय अपार्टमेंट बनवाया था।
एसीबी के मुताबिक, जिस जमीन का गलत तरीके से उपयोग किया गया, उसकी बाजार कीमत 100 करोड़ रुपए से ज्यादा आंकी गई है। जांच आगे बढ़ाते हुए एसीबी ने पाया कि यह काम एक बड़े सिंडिकेट ने किया था। इस मामले का मास्टरमाइंड माना जाने वाला प्रमोद महतो, जिसने पावर ऑफ अटॉर्नी लेकर जमीन पर नियंत्रण कराया था, तब से फरार है। एसीबी ने उसके खिलाफ कोर्ट से गिरफ्तारी वारंट भी हासिल कर लिया है। प्रमोद महतो ने कोर्ट में अग्रिम जमानत के लिए भी आवेदन किया था, लेकिन अभी उसकी गिरफ्तारी नहीं हुई है।
एसीबी की छानबीन जारी है और अन्य जुड़े लोगों की पहचान व गिरफ्तारी के लिए कदम उठाए जा रहे हैं।

