
रांची: स्वतंत्रता दिवस की 80वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में सामाजिक संस्था अर्थ फाउंडेशन की ओर से बुधवार को कांके रोड स्थित बिरसा उच्च विद्यालय में ‘आजादी के रंग’ पेंटिंग प्रतियोगिता सह भव्य तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि के तौर पर अर्थ फाउंडेशन के ट्रस्टी दीपक बंका एवं ‘दीप कौचर की बुटीक’ की संचालिका दीपा बंका उपस्थित थे। वहीं विशिष्ट अतिथि के तौर पर स्कूल की प्राचार्या सुषमा तिवारी, समाजसेवी आशुतोष द्विवेदी और आशीष रोशन जी उपस्थित थे। साथ ही इस मौके पर अर्थ फाउंडेशन के ट्रस्ट मेंबर अमित कुमार भी विशेष रूप से उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान मुख्य अतिथि दीपक बंका (ट्रस्टी, अर्थ फाउंडेशन) एवं दीपा बंका (संचालिका, दीप कौचर की बुटीक) ने संयुक्त रूप से कहा, “आजादी का अमृत महोत्सव महज एक औपचारिक आयोजन नहीं, बल्कि भावी पीढ़ी के दिलों में अमर बलिदानियों के प्रति कृतज्ञता और राष्ट्र निर्माण की ज्वाला प्रज्वलित करने का महाअभियान है। जब ये बाल-मन अपनी तूलिका (ब्रश) से तिरंगे के रंग उकेरते हैं, तो वह नए और सशक्त भारत की मजबूत बुनियाद को रेखांकित करता है। अर्थ फाउंडेशन ऐसी राष्ट्रीय चेतना को जन-जन तक पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है।”
वहीं विशिष्ट अतिथि आशुतोष द्विवेदी (समाजसेवी) ने बच्चों को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजनों से बच्चों में राष्ट्रप्रेम और सामाजिक दायित्व की भावना और अधिक सुदृढ़ होती है।
कार्यक्रम के दौरान स्कूल के लगभग 300 बच्चों ने ‘आजादी के रंग’ थीम पर स्वतंत्रता सेनानियों की याद में और स्वतंत्रता संग्राम के तहत पेंटिंग बनाए, जिसमें बच्चों ने अपनी कलाकृतियों से सबका दिल जीत लिया।
इसके बाद लगभग 300 बच्चों ने तिरंगा यात्रा निकालकर आजादी के अमृत महोत्सव और देश के यशस्वी प्रधानमंत्री आदरणीय नरेंद्र मोदी जी के आह्वान को ध्यान में रखते हुए अपने-अपने हाथों में अर्थ फाउंडेशन द्वारा दिए गए राष्ट्रीय ध्वज को लेकर यात्रा निकाली। बच्चों ने कांके रोड के विभिन्न क्षेत्रों में पदयात्रा की और इस दौरान ‘वंदे मातरम’ तथा ‘भारत माता की जय’ के गगनभेदी नारे लगाए, जिससे पूरा वातावरण देशभक्ति के रंग में सराबोर हो गया।
आयोजित पेंटिंग प्रतियोगिता के परिणामों में कक्षा 9वीं की आकृति सोरेन ने प्रथम स्थान, कक्षा 7वीं की अर्चना बखला ने द्वितीय स्थान तथा कक्षा 6वीं की सरस्वती लकड़ा ने तृतीय स्थान हासिल किया। वहीं सांत्वना पुरस्कार प्राप्त करने वालों में सबरीन परवीन (कक्षा 10), अनु सिंह (कक्षा 10), जॉनी असुर (कक्षा 8) और तनु कुमारी (कक्षा 9) शामिल रहीं।
इस अवसर पर रुखसाना परवीन, रेशमा टोप्पो, राजेश सिन्हा सहित कई शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं सैकड़ों छात्र-छात्राएं उपस्थित थे।

