रांची: रांची नगर निगम द्वारा शहर की व्यवस्था दुरुस्त करने और सरकारी संपत्तियों की सुरक्षा को लेकर दो प्रमुख कदम उठाए गए हैं। निगम की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार बांधगाड़ी में अतिक्रमण हटाने के बाद दोबारा नापी और सत्यापन किया गया, वहीं दूसरी ओर मेन रोड स्थित एस.के. सहाय डेली मार्केट के पुनर्विकास को लेकर आवंटनधारियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक हुई।

नगर निगम क्षेत्र के वार्ड संख्या-06 बांधगाड़ी में प्लॉट संख्या-537, खाता संख्या-169 कुल क्षेत्रफल 2.02 एकड़ पर निर्मित अवैध बाउंड्री वॉल को निगम प्रशासन द्वारा पूर्व में ही हटाकर भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया गया था।
कार्रवाई के बाद स्थानीय लोगों द्वारा दर्ज कराई गई आपत्तियों के समाधान के लिए 13 अगस्त को नगर निगम और अंचल कार्यालय की संयुक्त टीम ने स्थल का निरीक्षण कर पुनः नापी की। जांच में बाउंड्री वॉल के तहत आने वाली लगभग 6.5 डिसमिल भूमि सरकारी पाई गई, जिसकी सीमाबंदी कर सत्यापन की प्रक्रिया पूरी की गई।
नगर निगम प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सार्वजनिक संपत्ति पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा स्वीकार नहीं होगा। अनाधिकृत निर्माण या कब्जा करने का प्रयास करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
नगर आयुक्त की अध्यक्षता में मेन रोड स्थित ‘एस.के. सहाय डेली मार्केट’ के पुनर्विकास योजना को लेकर आवंटनधारियों के साथ एक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। लगभग 1.17 एकड़ भूमि में फैले इस बाजार परिसर में रांची नगर निगम की 66 दुकानें और RRDA से संबंधित 226 दुकानें संचालित हैं।
बुनियादी ढांचा पुराना होने और व्यावसायिक दबाव बढ़ने के कारण इसके योजनाबद्ध जीर्णोद्धार की आवश्यकता महसूस की जा रही है। इस बाजार क्षेत्र को आधुनिक, सुव्यवस्थित और जनोपयोगी बनाना है, जिससे व्यापारियों को बेहतर व्यावसायिक सुविधाएं मिलने के साथ-साथ पार्किंग, यातायात और नागरिक सुविधाओं की दीर्घकालिक समस्याओं का समाधान हो सके।
नगर आयुक्त ने सभी वर्तमान दुकान संचालकों को ओरिजिनल कागजात सुरक्षित रखने और मांगे जाने पर प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं। पुनर्विकास के पश्चात नए आवंटन के नियम व दरें तय की जाएंगी। सत्यापन में वैध पाए जाने वाले पात्र आवंटनधारियों को नई आवंटन प्रक्रिया में प्राथमिकता दी जाएगी।


