Jharkhand News: झारखंड प्रदेश एम्बुलेंस कर्मचारी संघ द्वारा 108 आपातकालीन एम्बुलेंस कर्मचारियों की लंबित मांगों को लेकर प्रस्तावित चरणबद्ध आंदोलन को माननीय स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी की अध्यक्षता में 16 सितंबर 2026 को हुई बैठक में दिए गए आश्वासन के बाद 20 दिनों के लिए स्थगित किया गया था ।

बैठक में माननीय स्वास्थ्य मंत्री द्वारा कर्मचारियों की मांगों पर 15–20 दिनों के भीतर विचार कर मांग पूरी किए जाने का आश्वासन दिया गया था । संघ ने सरकार के आश्वासन का सम्मान करते हुए आंदोलन स्थगित किया था । किंतु निर्धारित समय-सीमा बीत जाने के बावजूद 108 एम्बुलेंस कर्मचारियों की मांगों का अब तक समाधान नहीं किया गया है ।
संघ के प्रदेश अध्यक्ष नीरज तिवारी ने कहा कि कर्मचारियों ने सरकार के आश्वासन पर विश्वास करते हुए आंदोलन स्थगित किया था, लेकिन अब तक ठोस कार्रवाई नहीं होने से कर्मचारियों में निराशा है । अब 06 अक्टूबर 2026 से राज्यभर के 108 एम्बुलेंस कर्मचारियों द्वारा पुनः चरणबद्ध आंदोलन शुरू किया जाएगा ।
संघ की प्रमुख मांगें
1. अभियान निदेशक, राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के पत्रांक 2499 (MD), दिनांक 06.08.2026 एवं संबंधित निर्देशों का तत्काल अनुपालन सुनिश्चित करते हुए राज्यभर में 108 एम्बुलेंस सेवा का संबंधित जिलों के सिविल सर्जन के माध्यम से सरकारी स्तर पर संचालन प्रारंभ किया जाए तथा कर्मचारियों के वेतन का भुगतान सिविल सर्जन के माध्यम से सुनिश्चित किया जाए।
2. सम्मान फाउंडेशन द्वारा सेवा से हटाए गए कर्मचारियों को उनके संबंधित जिले में पुनः सेवा में बहाल किया जाए।
3. राज्यभर के 108 एम्बुलेंस कर्मचारियों को EPF, ESI, ओवरटाइम, ग्रेच्युटी, न्यूनतम वेतन सहित सभी श्रमिक एवं वैधानिक अधिकार पूर्ण रूप से सुनिश्चित किए जाएं।
पुनः प्रस्तावित चरणबद्ध आंदोलन कार्यक्रम
06 से 09 अक्टूबर: कर्मचारी काला बिल्ला लगाकर कार्य करेंगे।
09 अक्टूबर: सभी जिलों में सिविल सर्जन कार्यालय से उपायुक्त कार्यालय तक कैंडल मार्च।
12 अक्टूबर: सिविल सर्जन कार्यालय के समक्ष भिक्षाटन कार्यक्रम।
14 अक्टूबर: सिविल सर्जन कार्यालय से उपायुक्त कार्यालय के समक्ष धरना-प्रदर्शन।
16 अक्टूबर: राज्यभर में एक दिवसीय पूर्ण हड़ताल एवं NHM कार्यालय, नामकुम, रांची के समक्ष धरना-प्रदर्शन।
21 अक्टूबर से: मांगों के समाधान तक राज्यभर में अनिश्चितकालीन हड़ताल एवं चरणबद्ध विरोध-प्रदर्शन।
संघ ने कहा कि आंदोलन के सभी कार्यक्रम लोकतांत्रिक एवं शांतिपूर्ण तरीके से आयोजित किए जाएंगे। संघ सरकार से मांग करता है कि 06 अक्टूबर से आंदोलन शुरू होने से पूर्व कर्मचारियों की लंबित मांगों पर ठोस निर्णय लेकर उसका अनुपालन सुनिश्चित किया जाए, ताकि राज्य की महत्वपूर्ण 108 आपातकालीन एम्बुलेंस सेवा प्रभावित न हो।
नीरज तिवारी
प्रदेश अध्यक्ष
झारखंड प्रदेश एम्बुलेंस कर्मचारी संघ, झारखंड


