सिल्ली, 12 नवंबर. छठ महापर्व को लेकर सिल्ली में तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं. छठ व्रतियों एवं श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए सिल्ली साहेब बांध छठ घाट की साफ-सफाई एवं स्वच्छता व्यवस्था को लेकर विशेष पहल की जा रही है. इसी क्रम में सिल्ली थाना प्रशासन ने भी सफाई अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाई.

सिल्ली थाना प्रभारी नवीन कुमार के नेतृत्व में थाना पुलिस दल-बल के साथ साहेब बांध छठ घाट पहुंची और घाट की साफ-सफाई में सहयोग किया. पुलिसकर्मियों ने छठ घाट एवं आसपास के क्षेत्रों को स्वच्छ और व्यवस्थित बनाने में अपनी भूमिका निभाई. इस पहल का उद्देश्य छठ महापर्व के दौरान व्रतियों एवं श्रद्धालुओं को बेहतर वातावरण और सुविधाएं उपलब्ध कराना है.

छठ महापर्व को लेकर घाटों की साफ-सफाई, सुरक्षा एवं व्यवस्था सुनिश्चित करना प्रशासन की प्राथमिकता है. थाना प्रभारी नवीन कुमार के नेतृत्व में पुलिस प्रशासन की इस सक्रिय भागीदारी से छठ घाट की स्वच्छता व्यवस्था को मजबूती मिल रही है. स्थानीय स्तर पर प्रशासन की इस पहल को सराहनीय माना जा रहा है.
छठ महापर्व आस्था, पवित्रता और स्वच्छता का प्रतीक है. ऐसे में घाटों की साफ-सफाई एवं व्यवस्थित वातावरण बनाए रखना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है.


