Jan Shikayat Samadhan : रांची में जनता की शिकायतों के त्वरित समाधान के लिए 2 अक्टूबर यानी शुक्रवार को जिले के सभी थानों और ओपी में ‘जन शिकायत समाधान कार्यक्रम’ आयोजित किया जा रहा है। इस कार्यक्रम के दौरान वरिष्ठ पुलिस पदाधिकारी अलग-अलग थानों में मौजूद रहकर लोगों की शिकायतें सुनेंगे और उनके निस्तारण की दिशा में त्वरित कार्रवाई करेंगे। रांची के वरीय पुलिस अधीक्षक इस कार्यक्रम का औचक निरीक्षण करेंगे और इस दौरान वे किसी भी थाने में मौजूद आम लोगों से सीधे मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनेंगे।
सुरक्षा व्यवस्था और जनता की सुविधा को देखते हुए प्रमुख थानों में वरिष्ठ अधिकारियों की तैनाती की गई है। इसके तहत चुटिया थाने में दोपहर 12 बजे से 3 बजे तक नगर पुलिस अधीक्षक पारस राणा आम लोगों से मुखातिब होंगे, सदर थाना में पुलिस अधीक्षक यातायात राकेश सिंह, नगड़ी थाना में ग्रामीण पुलिस अधीक्षक गौरव गोस्वामी, पंडरा ओपी और हिंदपीढ़ी थाना में सहायक पुलिस अधीक्षक कोतवाली निखिल राय तथा लोअर बाजार थाना में वरीय पुलिस उपाधीक्षक नगर के. वी. रमण निर्धारित समय पर लोगों की शिकायतें सुनेंगे।
इन प्रमुख थानों के अलावा दलादली टीओपी, पिठौरिया, कांके, सिल्ली, सिकिदिरी, मेसरा, बीआईटी, बरियातू, पुंदाग, डोरंडा, बुंडू, तमाड़ और ईटकी थाना समेत जिले के अन्य सभी थाना क्षेत्रों में भी वरीय पुलिस पदाधिकारियों की मौजूदगी में यह कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। पुलिस प्रशासन की ओर से लोगों से यह अपील की गई है कि वे निर्धारित समय पर अपने संबंधित थाना या ओपी पहुंचकर अपनी शिकायत और समस्या सीधे अधिकारियों के समक्ष रखें।


