कतरास : कोयलांचल में अवैध कोयला कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस, प्रशासन और सीआईएसफ की ओर से लगातार कार्रवाई के दावे किए जाते हैं। इसके बावजूद रामकनाली ओपी के लालचक इलाके में कोयले का कारोबार तेजी से फैलने की बात सामने आ रही है। कतरास थाना क्षेत्र और रामकनाली ओपी क्षेत्र में दो अलग-अलग कोयला डिपो संचालित होने को लेकर सवाल उठ रहे हैं। स्थानीय स्तर पर इन्हें कथित अवैध डिपो बताया जा रहा है।

बताया जाता है कि रात के अंधेरे में कांको मोड़ होते हुए मिनी हाईवा के जरिए कोयले का परिवहन किया जाता है। ग्रामीण इलाकों में स्थित डिपो तक भारी वाहनों की आवाजाही से ग्रामीण सड़कों के इस्तेमाल, उनकी सुरक्षा और संभावित क्षति को लेकर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। आखिर ग्रामीण सड़कों पर भारी वाहनों के परिचालन कैसे हो रही है? इन डिपो में जमा हो रहा कोयला कहां से आ रहा है और इसके भंडारण एवं परिवहन से संबंधित वैध दस्तावेज उपलब्ध हैं या नहीं, इसकी जांच जरूरी है। लालचक में कोयले का कारोबार अब कथित तौर पर खुलेआम संचालित हो रहा है। दिन के उजाले में जेसीबी मशीन के जरिए ट्रकों में कोयला लोड किए जाने की बात सामने आ रही है। वहीं, रात के अंधेरे में मिनी हाईवा के जरिए कोयले की आवाजाही की शिकायतें हैं। ऐसे में सवाल उठता है कि जब कोयले की लोडिंग और परिवहन की गतिविधियां हो रही हैं, तो संबंधित विभागों की नजर इन डिपो पर क्यों नहीं पड़ रही है? कतरास थाना और रामकनाली ओपी क्षेत्र में संचालित बताए जा रहे दोनों डिपो की जांच अब जरूरी हो गई है।

वरीय अधिकारियों के निर्देशों के बावजूद निगरानी पर सवाल
कोयले के अवैध खनन, भंडारण और परिवहन पर रोक लगाने के लिए वरीय स्तर पर समय-समय पर निर्देश जारी किए जाते रहे हैं। इसके बावजूद रामकनाली ओपी क्षेत्र के लालचक में कथित कोयला डिपो और रात में मिनी हाईवा के परिचालन की शिकायतें सामने आने से स्थानीय प्रशासन, CISF और बीसीसीएल की निगरानी व्यवस्था पर सवाल खड़े करता है।
ALSO READ: हंगामेदार होगा झारखंड विधानसभा का 25 और 26 नवंबर को प्रस्तावित विशेष सत्र


