रांची: झारखंड की राजधानी रांची में ऑनलाइन सट्टेबाजी के एक बड़े अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क का खुलासा हुआ है। अशोकनगर जैसे पॉश इलाके से पुलिस ने कथित सरगना संदीप कुमार गुप्ता की पत्नी लवली प्रिया को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि दुबई से संचालित इस गिरोह ने करीब 88 करोड़ रुपये का ऑनलाइन सट्टेबाजी का कारोबार खड़ा कर रखा था। बुधवार को बिहार एसटीएफ और पटना पुलिस की संयुक्त टीम ने यह कार्रवाई की।

पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि इस पूरे नेटवर्क का संचालन दुबई से किया जा रहा था। ऑनलाइन सट्टेबाजी के लिए गिरोह बाली एक्सचेंज समेत कई वेबसाइटों का इस्तेमाल करता था। जांच एजेंसियों के मुताबिक, गिरोह ने देश के अलग-अलग हिस्सों में अपना नेटवर्क फैला रखा था और लोगों को जोड़कर करोड़ों रुपये का कथित अवैध कारोबार कर रहा था। तकनीकी जांच और दूसरे अहम साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने इस नेटवर्क का पता लगाया। इसके बाद बुधवार को एक साथ रांची, पटना, कोलकाता, दिल्ली, गाजियाबाद और प्रयागराज में छापेमारी की गई। इसी कार्रवाई के दौरान रांची के अशोकनगर से कथित सरगना संदीप कुमार गुप्ता की पत्नी लवली प्रिया को गिरफ्तार किया गया।

इस मामले में अब तक कुल चार लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है, जबकि 37 संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस अब गिरोह के बाकी सदस्यों की भूमिका खंगाल रही है। साथ ही, सट्टेबाजी से जुटाई गई रकम और दुबई से संचालित पूरे नेटवर्क की जांच भी की जा रही है। जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि इस कथित कारोबार में और कौन-कौन लोग शामिल थे। इसके अलावा, करोड़ों रुपये का लेन-देन किन माध्यमों से किया जाता था और इस नेटवर्क के तार कहां-कहां तक जुड़े हैं, इसकी भी पड़ताल की जा रही है। आने वाले दिनों में इस मामले में और खुलासे होने की संभावना है।


