रांची: आदिवासी नेत्री निशा भगत की संदिग्ध मौत मामले में सीबीआई की स्पेशल क्राइम ब्रांच-1 ने जांच तेज कर दी है। इस सिलसिले में जांच टीम ने पिठोरिया के तत्कालीन थाना प्रभारी सतीश पांडे से पूछताछ की और उनका बयान दर्ज किया। पिछले कुछ दिनों से रांची में कैंप कर रही सीबीआई की टीम शुरुआती जांच और जरूरी साक्ष्य जुटाने के बाद गुरुवार को दिल्ली लौटेगी।

शुरुआती पुलिस जांच और केस डायरी को लेकर पूछे गए सवाल
पूछताछ के दौरान सीबीआई अधिकारियों ने तत्कालीन थानेदार से कई अहम सवाल किए। इनमें घटना के बाद पुलिस की शुरुआती कार्रवाई, घटनास्थल से मिले साक्ष्य और केस डायरी से जुड़ी जानकारियां शामिल थीं। पुलिस ने शुरुआती जांच में कौन-कौन सी प्रक्रिया अपनाई और किन सबूतों को जुटाया, इन सभी पहलुओं पर सतीश पांडे का बयान दर्ज किया गया। मामले की आगे की जांच के लिहाज से इस पूछताछ को महत्वपूर्ण माना जा रहा है। इससे पहले सीबीआई नामजद आरोपी ज्योत्स्ना केरकेट्टा और अजय तिकीं से भी कई घंटे तक पूछताछ कर चुकी है। इसके अलावा दोनों के ठिकानों पर छापेमारी कर मोबाइल फोन, लैपटॉप और अन्य डिजिटल उपकरणों के साथ कुछ महत्वपूर्ण दस्तावेज जब्त किए गए थे। फिलहाल सीबीआई जब्त किए गए इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों और दस्तावेजों की जांच कर रही है। फॉरेंसिक जांच के जरिए कॉल डिटेल्स, चैट और दूसरे डिजिटल रिकॉर्ड खंगाले जाएंगे। इनसे घटना से जुड़े लोगों के बीच संपर्क और पूरे घटनाक्रम की अहम जानकारियां मिलने की उम्मीद है।

घटनास्थल पर क्राइम सीन रीक्रिएट कर CBI ने की जांच
जांच के दौरान सीबीआई की टीम ने घटनास्थल पर क्राइम सीन रीक्रिएट भी किया। इसके साथ ही तकनीकी पहलुओं की बारीकी से पड़ताल की गई। अधिकारियों ने घटनास्थल की परिस्थितियों और वहां से मिले साक्ष्यों के आधार पर घटना की कड़ियों को जोड़ने की कोशिश की। अब तक जुटाए गए सबूतों और पूछताछ के दौरान सामने आई जानकारियों का विश्लेषण किया जाएगा। इसके आधार पर जांच की अगली दिशा तय होगी। गौरतलब है कि 6 नवंबर को पिठोरिया स्थित अपने आवास पर फेसबुक लाइव करने के बाद आदिवासी नेत्री निशा भगत की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। घटना के बाद उनके परिजनों और आदिवासी संगठनों ने निष्पक्ष जांच की मांग को लेकर विरोध जताया था। इसके बाद राज्य सरकार की अनुशंसा पर मामले की जांच दिल्ली सीबीआई को सौंप दी गई। अब सीबीआई पुलिस की शुरुआती जांच, नामजद आरोपियों से पूछताछ और डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर निशा भगत की मौत से जुड़े पूरे मामले की पड़ताल कर रही है।


