हजारीबाग: हजारीबाग जिले में एक बार फिर गोलीबारी की घटना से इलाके में सनसनी फैल गई है। केरेडारी थाना क्षेत्र स्थित रित्विक कंपनी के गेट पर बुधवार देर रात अज्ञात अपराधियों ने ताबड़तोड़ फायरिंग की। इस घटना के बाद आसपास के इलाके में दहशत का माहौल है। वारदात के बाद सोशल मीडिया पर एक कथित प्रेस रिलीज जारी कर राहुल दुबे गैंग ने गोलीबारी की जिम्मेदारी ली है। इस संदेश में दावा किया गया है कि कंपनी के गेट पर 8 से 10 राउंड गोलियां चलाई गई हैं। साथ ही इस घटना को महज ट्रेलर बताते हुए कंपनी प्रबंधन को गंभीर परिणाम भुगतने की चेतावनी दी गई है।

प्रेस रिलीज जारी कर कंपनी प्रबंधन को दी चेतावनी
सोशल मीडिया पर जारी कथित प्रेस रिलीज में कहा गया है कि अगर कंपनी प्रबंधन ने जल्द उनकी मांगों के मुताबिक व्यवस्था नहीं की, तो आने वाले दिनों में हालात और बिगड़ सकते हैं। संदेश में कंपनी के कार्यालय, स्टाफ और मुंशी को निशाना बनाने की धमकी भी दी गई है। इसके अलावा कार्यस्थल पर बम फेंकने, कंपनी की सभी साइटों को बंद कराने और स्टाफ को गंभीर नुकसान पहुंचाने की बात कही गई है। कथित प्रेस रिलीज में राहुल दुबे के साथ अमन साहू, मयंक सिंह और प्रकाश शुक्ला जैसे नामों का भी जिक्र किया गया है। फिलहाल इस घटना के बाद इलाके में तनाव और भय का माहौल बना हुआ है। हालांकि, सोशल मीडिया पर जारी प्रेस रिलीज में किए गए दावों की पुष्टि नहीं हुई है।



